गोरखपुर में दुबई की फैक्ट्री में काम दिलाने के नाम पर रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। ट्रेनिंग कराने वाली संस्था के संचालक ने केस दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि मेडिकल स्टोर संचालक रणकेशरी उर्फ स्वामी ने दो दोस्तों इश्तियाक हुसैन और दानिश की मदद से रुपये हड़पे हैं।
पुलिस ने जालसाजी, विश्वास हनन की धारा में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। खोराबार पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, अशोक गैस गोदाम गली निवासी रामअवतार का कहना है कि वैष्णो प्रशिक्षण सेवा संस्थान के नाम से संस्था चलाते हैं। इसमें 24 छात्र थे। ट्रेनिंग के दौरान उनकी मुलाकात रणकेशरी से हुई और उन्होंने बताया कि इश्तियाक और दानिश की दुबई में कारोबार है और यह लोग बच्चों को नौकरी दिलवा देंगे।
उन पर विश्वास कर पहली बार में पांच और फिर साढ़े 9 लाख रुपये दे दिए। 21 युवाओं को इन लोगों ने टूरिस्ट वीजा पर दुबई भेजा, जिस वजह से सभी को एक महीने के अंदर ही वापस आना पड़ा।
आरोप लगाया कि 5 सितंबर 2019 को जब इश्तियाक से संपर्क किया तो गाली देते हुए मुझे भगा दिए। इस तरह से युवाओं का रुपया डूब गया। उन्होंने कोर्ट में अर्जी देकर न्याय की मांग की थी, जिसके बाद कोर्ट ने केस दर्ज कर विवेचना का आदेश दिया। आदेश पर खोराबार पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।