गोरखपुर के पीपीगंज इलाके के भुईधरपुर में विवादित खेत में फसल काटने को लेकर हुए हंगामे के बीच फसल में आग लगाए जाने का मामला सामने आया था। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्ष से आई तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक गांव की जमीन पर मालिकाना हक को लेकर विवाद है। सोमवार को एक पक्ष के लोग गेहूं की कटाई कराने पहुंच गए थे जिसका कुछ लोगों ने विरोध किया और फिर खेत में आग लगा दी गई।
हरपुर निवासी गोविन्द सिंह के मुताबिक भूमि पर गेहूं की बुवाई उन्होंने कराई थी। आग से तीन एकड़ गेहूं जल गया। पुलिस ने गोविन्द सिंह की तहरीर पर बारह लोगों पर मारपीट, धमकी और खेत में आग लगाने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
दूसरे पक्ष के चन्द्रकान्त प्रसाद की तहरीर पर दयाशंकर उर्फ बब्लू, पार्वती पत्नी दयाशंकर, चन्द्रपाल के खिलाफ मारपीट धमकी देने, एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।