गोरखपुर जिले के सहजनवां इलाके के एक गांव में 17 साल की किशोरी को अकेला पाकर बाइक सवारों ने अगवा कर लिया और सुनसान जगह पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई।
किसी तरह से बचकर निकली किशोरी ने घर आकर आपबीती बताई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बनकटिया निवासी शत्रुधन निषाद और साजिश अली के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
तहरीर के मुताबिक, किशोरी मंगलवार की रात शौच के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान बिना नंबर की बाइक से आरोपित आए और जबरन बैठा लिए। शोर मचाने की कोशिश करने पर मुंह दबा दिया और फिर सुनसान जगह पर ले जाकर दुष्कर्म किया गया।
किसी को घटना के बारे में जानकारी न देने की धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई। हालांकि, घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। इंस्पेक्टर पंकज ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।