गोरखपुर जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल एकला नंबर 2 के दो टोलों के बीच दीपावली के दिन विवाद हुआ, जिसके बाद मामला शांत नहीं हुआ और अगले दिन दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। घटना में एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। मेडिकल कॉलेज में इलाज दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार गुलरिहा थाना क्षेत्र के जंगल एकला नंबर 2 बिचला टोले में लक्ष्मी जी की प्रतिमा स्थापित की गई थी। गांव की महिलाएं पूजन-अर्चन के बाद डीजे बजाकर नाच रही थीं कि इसी बीच गांव का राजू पुत्र बाड़ू निषाद पंडाल के पास पटाखा फोड़ दिया। इस बात को लेकर कुछ लोग राजू को मारपीट कर वहां से खदेड़ दिए।
इसकी सूचना उक्त गांव के नरिया टोला निवासी राजू के मामा के लड़के विजय निषाद पुत्र नंदू को मिली तो वह बिचला टोले में राजू का हालचाल लेने पहुंचा। इस बीच उससे भी ग्रामीणों से विवाद हो गया। इस दौरान ग्रामीणों ने विजय को भी मारा-पीटा। इसी बात को लेकर नरिया टोला और बिचला टोला के लोगों में जमकर मारपीट हुई।
इस दौरान राजू के नाना हरिलाल निषाद (65) स्व. दुख्खी के सिर में गंभीर चोटें आईं तथा मामा ध्रुपचंद का हाथ व पैर टूट गया। इलाज के लिए घायलों को मेडिकल कॉलेज लाया गया जहां थोड़ी देर बाद हरिलाल की मौत हो गई। मृतक के पुत्र नंदू की तहरीर पर पांच नामजद के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी गुलरिहा चंद्रहास मिश्रा ने बताया की केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।