गोरखपुर जिले के पिपराइच इलाके के पोखरभिंडा उर्फ चकदहा गांव में खेत को रेहन देने की बात पर बृहस्पतिवार की सुबह दो पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि एक पक्ष ने बाहरी लोगों को बुलाकर दूसरे पक्ष के घर में घुसकर मारपीट और पथराव शुरू कर दिया। मारपीट में प्रधान समेत आठ लोग घायल हो गए। गुस्साएं ग्रामीणों ने बाहरी आठ लोगों को पकड़कर पुलिस को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपितों का शांतिभंग में चालान किया है।
जानकारी के मुताबिक, गांव के एक व्यक्ति ने अपना खेत योगेंद्र गुप्ता को रेहन दिया था। बुधवार को उसने खेत को गांव के ही रामप्रसाद को रेहन दे दिया। इसी बात पर योगेंद्र और रामप्रसाद के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी बात को लेकर बृहस्पतिवार की सुबह योगेंद्र ने अपने बाहरी लोगों को बुलाकर रामप्रसाद के घर पर हमला बोल दिया।
मारपीट में रामप्रसाद, उनकी पत्नी माधुरी, बेटा रामकलेश, बेटी रंजी, राहुल और उसकी पत्नी सरिता घायल हो गई। गांव में मारपीट होने और बाहरी लोगों के आने की सूचना पर प्रधान अमरजीत यादव भी पहुंच गए। उनके साथ भी आए युवकों ने मारपीट की।
प्रधान से मारपीट होने पर एकजुट हुए ग्रामीणों ने योगेंद्र गुप्ता की पिटाई कर दी और बाहरी लोगों को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने आरोपियों की पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने रामप्रसाद के तहरीर पर पांच बाहरी सहित आठ लोगों के खिलाफ घर में घुसकर बलवा, मारपीट करने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।