कुशीनगर जिले के सेवरही थाना क्षेत्र के राजपुर बगहां गांव के सात वर्षीय एक बालक का शव गुरुवार सुबह गन्ने के खेत में मिला। यह बालक बुधवार को दिन के तीन बजे से ही गायब था। पुलिस शक के आधार पर तीन व्यक्तियों को थाने लाकर पूछताछ कर रही है।
राजपुर बगहां गांव के भीम सिंह का सात वर्षीय पुत्र कुंदन बुधवार को दिन के तीन बजे से ही गायब था। शाम तक घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई और उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। परिजनों ने गुमशुदगी की सूचना पिपराघाट पुलिस चौकी पर दी।
उसके बाद सीओ, एसओ और चौकी इंचार्ज पहुंचे तथा घरवालों से पूछताछ के बाद मामले में छानबीन शुरू कर दी। संदेह के आधार पर पुलिस तीन व्यक्तियों को थाने आई और पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने रात के एक बजे बालक का शव गन्ने के एक खेत से बरामद कर लिया।
पुलिस ने गुरुवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना के बाद बालक के घर में मातम छाया हुआ है।