गोरखपुर जिले के पिपराइच इलाके में पाल भट्ठा पुलिया के करीब सोमवार की सुबह एक युवक की हत्या कर फेंकी गई लाश मिली। जीभ बाहर होने से आशंका है कि गमछे से गला कसकर उसकी हत्या की गई है। घटना की सूचना पाते ही एसपी नार्थ मनोज अवस्थी, सीओ चौरीचौरा जगत कन्नौजिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। युवक की पहचान डेयरी फार्म में काम करने वाले मनोज यादव (37) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मुड़ियारी बुजुर्ग निवासी लोरिका यादव का बड़ा बेटा मनोज यादव कुसम्ही बाजार स्थित डेयरी फार्म में काम करता था। महीने भर तक वह घर नहीं आता था, इस वजह से रोजाना उसकी तलाश भी घरवाले नहीं करते थे। सोमवार की सुबह 6 बजे रमवापुर की ओर टहलने गए मुड़ियारी बुजुर्ग गांव के ग्रामीणों ने पुल के पास सड़क किनारे मनोज की लाश देखी।
वहीं पास में उसकी साइकिल भी पड़ी थी। पहचान होने पर लोगों ने उसकी सूचना घरवालों को दी। छोटे भाई रोहित यादव ने बताया कि मनोज के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। उसने गमछे से गला कसने से जीभ बाहर निकलने की आशंका जताई है।
हालांकि भाई ने किसी से दुश्मनी से इनकार किया है। घर में मौत की सूचना पहुंचते ही चीख पुकार मच गई। इंस्पेक्टर सूर्यभान सिंह ने बताया कि मृतक नशे का आदी था। मौत का कारण पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।