गोरखपुर शहर के कैंट इलाके में सिंघड़िया स्थित विदेश भेजने वाली संस्था से 22 लाख की लूट में वांछित बदमाश ने ही गगहा में जय नारायण शाह उर्फ गुड्डू की हत्या की थी। बुधवार को कैंट पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को मोहद्दीपुर रोड से तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने गगहा में हत्या की बात कबूली है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया जहां से जेल भेजा गया। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम था।
आरोपी की पहचान बिहार के सिवान निवासी विभेष कुमार दुबे के रूप में हुई है। एसपी सिटी सोनम कुमार ने पकड़े गए वांछित के बारे में पुलिस लाइंस में प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नवंबर 2020 को सिंघड़िया में स्थित विदेश भेजने वाली संस्था गल्फ इंस्टीट्यूट में 22 लाख रुपये की लूट हुई थी। तब पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश किया था।
पूछताछ में विभेष का नाम सामने आया था और वह तभी से वांछित चल रहा था। इस पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। लेकिन, पकड़ में नहीं आ रहा था। फरारी के दौरान ही इसने गगहा में हत्या भी कर दी थी। हत्या के मामले में भी इसका नाम सामने नहीं आया था।
वांछितों की तलाश में पुलिस लगी थी। कैंट इंस्पेक्टर शशिकांत राय को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि एक युवक तमंचे के साथ मोहद्दीपुर में मौजूद है। इस सूचना पर पुलिस वहां पर पहुंची और युवक को तमंचे के साथ पकड़ ली। पूछताछ में उसका नाम सामने आने पर पता चला कि यह लूट में वांछित था। उसने गगहा में हत्या की भी बात कबूल की है।