गोरखपुर के पीपीगंज में बुलेट सवार जालसाज ने दंपति को झांसा दिया और महिला के करीब 50 हजार के गहने लेकर भाग गया। जालसाज ने बेटे के एक्सीडेंट का झांसा देकर वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पीपीगंज पुलिस ने पीड़ित के प्रार्थना पत्र पर केस दर्ज करने की जगह घटना ना होने का हवाला देते हुए लौटा दिया। बता दें दो दिन पहले भी बुलेट सवार ने झंगहा इलाके में महिला से जालसाजी कर सोने की चेन लूटी थी।
जानकारी के मुताबिक शनिवार की दोपहर में रमवापुर निवासी राम अवध गुप्ता अपनी पत्नी विमला देवी के साथ घर से रुद्रपुर, देवरिया जाने के लिए साइकिल से निकले थे। कस्बे में साइकिल खड़ा कर बस पकड़नी थी। मगर इसके पहले ही पीपीगंज-जसवल मार्ग पर तिघरा गांव के सपहिया टोले पर एक युवक बुलेट से आया और कहा कि वो उसके लड़के रमेश का दोस्त है और रमेश का एक्सीडेंट हो गया है। जिसके बाद विमला देवी जालसाज की बुलेट पर बैठ गई।
पीपीगंज कस्बे के निकट आकर युवक ने विमला देवी के कान का दो झुमका और दो मंगलसूत्र ले लिया और कहा कि आप यहीं रहें जेवर बेंचकर आते हैं क्योंकि रमेश के इलाज में रुपये लगेंगे। विमला उसके झांसे में आ गई। काफी देर इंतजार के बाद विमला ने किसी तरह से पति से संपर्क किया और थाने पहुंचीं।
आरोप है कि थाने से उन्हें बिना केस दर्ज किए लौटा दिया गया। पीपीगंज थानाध्यक्ष राज प्रकाश सिंह इस घटना की तहरीर नहीं मिली है, उनका मानना है कि तहरीर मिलने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी