गोरखपुर के सिकरीगंज के किराना व्यापारी अयोध्या प्रसाद जायसवाल से रविवार की सुबह फोन पर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की सूचना पर पुलिस सक्रिय हो गई और साइबर सेल की टीम भी व्यापारी के पास पहुंच गई। बताए गए नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने देर शाम इस मामले में व्यापारी की तहरीर पर रंगदारी मांगने, फोन पर धमकी देने की धारा में केस दर्ज कर लिया है। व्यापारी को एहतियातन सुरक्षा भी दे दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, रामडीह, सिकरीगंज के मूल निवासी अयोध्या प्रसाद की किराना की दुकान है। बेटा हार्डवेयर कारोबारी है। तहरीर के मुताबिक अयोध्या के मोबाइल नंबर पर रविवार की सुबह 10:17 बजे एक फोन आया था। फोन करने वाले ने कहा कि 20 लाख रुपये नहीं दिए तो तुम्हारे बेटे की हत्या कर दी जाएगी।
हालांकि रुपये कहां और किसे देने हैं इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। पहली बार फोन कॉल को अयोध्या ने गंभीरता से नहीं लिया लेकिन फिर दो बार और कॉल आने पर वह परेशान हो गए। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच से ऐसा लग रहा है कि किसी करीबी ने रंगदारी मांगी है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। एसएसपी दिनेश कुमार प्रभु ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
इससे पहले रंगदारी मांगने की घटनाएं
23 नवंबर 2020: खोराबार के स्वर्ण व्यापारी श्रीराम वर्मा से तीन लाख की रंगदारी मांगी गई थी, आरोपित जेल में है।
10 फरवरी 2021: गुलरिहा के मौसम वैज्ञानिक नलनिश कुमार से चाल लाख की रंगदारी मांगी गई थी, केस का खुलासा हुआ और आरोपित पकड़ा गया।
1 फरवरी 2021: गुलरिहा इलाके के प्रधान प्रतिनिधि से रंगदारी मांगी गई थी, आरोपित सलाखों के पीछे है।