बस्ती जिले के कोतवाली पुलिस ने 15 हजार के इनामी वांछित आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली शिवाकांत मिश्र के नेतृत्व में चौकी प्रभारी पटेल चौक सर्वेश कुमार थाना कोतवाली मय पुलिस टीम ने बड़ेवन के पटेल चौक के पास स्थित बांबे गैरेज के पास से सुबह साढ़े दस बजे सोनहा थाने के शाहपुर निवासी अनिरुद्ध पटेल को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक उसके विरुद्ध इंडियन मेडिकल काउंसिल एक्ट, आपदा प्रबंधन अधिनियम, औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम एवं महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के पचपेड़िया रोड पर बिना रजिस्ट्रेशन के अवैध रूप से आस्था हॉस्पिटल संचालित किया जा रहा था। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान इस हॉस्पिटल की ओर से ऑक्सीजन सिलिंडर की मनमानी कीमत वसूलने की शिकायत के बाद एसडीएम सदर और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापा मारा था।
मौके पर ऑक्सीजन सिलिंडर की बरामदगी की गई थी। अस्पताल में मरीज भर्ती मिले थे। जांच में अस्पताल के बिना रजिस्ट्रेशन संचालित होना पाए जाने के बाद सील करने की कार्रवाई की गई थी।
19 मई 2021 को हुई कार्रवाई के दौरान मौके से एक की गिरफ्तारी की गई थी, जबकि अस्पताल का मुख्य संचालक सोनहा क्षेत्र के शाहपुर गांव निवासी अनिरुद्ध पटेल उर्फ विधायक मौके से फरार हो गया था।