कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए अब रेलवे स्टेशनों पर खड़ा किए गए कोविड केयर कोच को हटाया नहीं जाएगा। रेल प्रशासन ने कोविड केयर कोच की सफाई करके उन्हें दुरुस्त करने का निर्देश दिया है ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल इस्तेमाल में लाया जा सके।
गोरखपुर में नकहा जंगल स्टेशन और महराजगंज में आनंदनगर स्टेशन पर कोविड केयर कोच को खड़ा किया गया है। प्रत्येक रैक में दस कोच लगाए गए हैं। कई महीने से खड़ा होने के चलते कोच की सफाई का निर्देश दिया गया है। साथ ही बेड, आक्सीजन, टायलेट आदि को चेक करके दुरुस्त कराया जाएगा।
फरवरी में कोविड के मामले कम आने और होम आइसोलेशन के निर्णय के बाद रेल प्रशासन ने सभी कोविड केयर कोच को हटाने का निर्णय लिया था। जो कोच 20 साल पुराने हैं उनकी नीलामी और इस अवधि से कम के कोच को दुरुस्त कराकर इस्तेमाल में लाया जाएगा। अब कोरोना के बढ़ते मामले को देख रेल प्रशासन ने कोविड केयर कोच को यथावत रखने का निर्णय लिया है।
सीपीआरओ एनईआर पंकज कुमार सिंह ने बताया कि कोविड केयर कोच अभी स्टेशनों पर यथावत रखे जाएंगे। साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया गया है। राज्य सरकार अगर मांग करती है तो उपलब्ध कराया जाएगा।