कोरोना टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर महानगर के तुर्कमानपुर नगरीय स्वास्थ्य केंद्र के कम टीकाकरण वाले क्षेत्रों में टीम के साथ जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज कुमार पांडेय ने शुक्रवार को लोगों से संपर्क कर मदद की अपील की है। वे स्थानीय चिकित्सक से मिले और दो मस्जिदों में भी जाकर संपर्क किया।
उन्होंने क्षेत्र के संभ्रांत लोगों से कहा कि वे स्थानीय लोगों को कोविड टीकाकरण के लिए जागरूक और प्रेरित करें। इस मौके पर विश्व स्वास्थ्य संगठन के सर्विलांस मेडिकल ऑफिसर डॉ. संदीप पाटिल, तुर्कमानपुर की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिशा चौधरी और यूनिसेफ के डीएमसी डॉ. हसन फहीम के साथ जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने तुर्कमानपुर के पहाड़पुर और कसाई टोला मोहल्ले का दौरा किया। वहां स्थानीय चिकित्सक डॉ. जहीर से मुलाकात कर लोगों को कोविड का टीका लगवाने के लिए प्रेरित करने का अनुरोध किया। टीम ने पूर्व महापौर अंजू चौधरी के घर जाकर भी संपर्क किया।
रेड जोन से बाहर हुआ गोरखपुर
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि गोरखपुर ने प्रथम डोज का 70 फीसदी का आंकड़ा पार कर खुद को रेड जोन से बाहर कर लिया है। जिले में करीब 24.75 लाख लोगों ने टीके की पहली डोज ले ली है, जबकि 13.18 लाख लोग दोनों डोज से प्रतिरक्षित हैं। विभाग का जोर उन छोटे-छोटे इलाकों पर है, जहां से लोग टीकाकरण के लिए आगे नहीं आ रहे हैं।
29076 लोगों को लगाया गया कोविड से बचाव का टीका
कोविड टीकाकरण अभियान के तहत शुक्रवार को 365 बूथों पर 29076 लोगों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया। एक बूथ पर चार सौ लोगों को टीका लगाने के लिए वैक्सीन भेजी गई थी, लेकिन औसतन एक बूथ पर सौ लोगों का भी टीकाकरण नहीं हो सका। इस दौरान 22393 लोगों ने दूसरी डोज और 6683 को पहली डोज लगाई गई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि पूरी कोशिश की जा रही है कि अधिक से अधिक लोगों को टीका लगाया जाए। इसके लिए बूथों की संख्या भी बढ़ा दी गई है।