शनिवार की देर शाम कुशीनगर जनपद में एक साथ 20 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मच गया। इसमें 14 व्यक्ति तो सिर्फ रामकोला ब्लॉक से हैं। तीन हाटा और दो पडरौना ब्लॉक के रहने वाले हैं, जबकि एक व्यक्ति जिले से बाहर का है। रिपोर्ट आते ही स्वास्थ्य महकम ने सभी केस के बारे में जांच-पड़ताल शुरू कर दी। रात साढ़े दस बजे तक उन सभी नंबरों पर जांच-पड़ताल की गई, जिनका नाम संक्रमित मरीजों की फेहरिस्त में था। सीएमओ ने इस रिपोर्ट को लेकर आश्चर्य व्यक्त करते हुए रविवार को खुद उन मरीजों के दिए पते पर जाकर पता करने की बात कही है, जबकि जिला अस्पताल के सीएमएस ने रिपोर्ट को सही बताया है।
जनपद में 846812 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है, जिसमें से 15590 लोग शनिवार की शाम तक कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे, जिसमें 227 की मौत हुई है, जबकि 15360 लोग स्वस्थ हुए हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या चार थी। शाम तक स्वास्थ्य विभाग की तरफ से बताया गया था कि 2963 लोगों का सैंपल कोरोना जांच के लिए शनिवार को भेजा गय, जबकि 1651 सैंपल रिपोर्ट प्राप्त हुई, लेकिन उसमें कोई संक्रमित नहीं था।
एकाएक शाम सात बजे के बाद यह चर्चा जोरों पर शुरू हुई कि जिले में 20 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनकी सूची भी वायरल होने लगी। संक्रमित मिले लोगों में रामकोला क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के 14 लोग, हाटा क्षेत्र के तीन, पडरौना के दो और अन्य क्षेत्र के एक व्यक्ति का नाम शामिल था। उसके बाद सीएमओ, सीएमएस से लगायत संबंधित सभी अफसरों के मोबाइल संपर्क से बाहर हो गए। इन मरीजों के बारे में पता लगाया जाने लगा।
रात करीब सवा दस बजे सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने बताया कि यह सूची जिला अस्पताल में बने आरटीपीसीआर लैब की है। पता कराया गया है। इनमें आठ लोगों के मोबाइल पर संपर्क नहीं हो पा रहा है। अब जब पूरे मंडल में एक दिन में इतने केस नहीं आ रहे हैं, ऐसे में जनपद में 20 लोगों का एक दिन में पॉजिटिव पाया जाना चिंतनीय है।
उन्होंने बताया कि वह रविवार को खुद इन मरीजों के घर जाकर पता लगाएंगे। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एसके वर्मा ने बताया कि यह रिपोर्ट उनके यहां के आरटीपीसीआर लैब की ही है। उन्होंने दोबारा जांच कराया, तब भी यह रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसकी जानकारी अस्पताल के पैथोलॉजिस्ट ने भी दी है। इसके बाद भी सभी 20 सैंपल डीप फीजर में रखवा दिए हैं। ताकि किसी अन्य लैब से भी इसकी जांच कराई जा सके।