मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ट्रिपल टी (ट्रेस, टेस्ट और ट्रीट) की रणनीति से जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में बेहद कमी आई है। अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह में लगातार बढ़ रही संक्रमितों की संख्या ने लोगों के दिलों में डर पैदा कर दिया था। लेकिन महज 20 दिनों के अंदर एक्टिव केस के आंकड़े आधे से भी कम हो गए, जबकि प्रतिदिन मिलने वाले केस में 90 फीसदी की गिरावट आई है। साथ ही जिले में मौत के आंकड़े भी कम हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, अप्रैल माह में गोरखपुर में कोरोना संक्रमण की रफ्तार सबसे अधिक थी। 25 अप्रैल को जिले में एक दिन में सर्वाधिक 1440 नए मामले आए थे। 30 अप्रैल को कुल एक्टिव केस की संख्या 10308 हो गई थी। इसे काबू करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंशिक कोरोना कर्फ्यू और ट्रिपल टी (ट्रेस, टेस्ट और ट्रीट) का इस्तेमाल किया।
इसका असर रहा कि रोज मिलने वाले केस में काफी कमी हो गई। पिछले तीन दिनों की बात करें तो 20 मई को 195, 21 मई को 294 व 22 मई को 180 केस मिले हैं। कुल एक्टिव केस भी घटकर 4525 हो गए हैं।