गोरखपुर जिले की 1294 ग्राम पंचायतों में से 426 पंचायतों का अभी गठन नहीं हो पाएगा। यहां के नवनिर्वाचित प्रधान शपथ नहीं ले जाएंगे। इसके लिए उन्हें अभी और इंतजार करना पड़ेगा। जिले के दो ब्लॉकों खजनी और गोला में तो आधे से अधिक पंचायतों का गठन नहीं हो सकेगा। दरअसल ग्राम पंचायतों के गठन के लिए दो तिहार ग्राम पंचायत सदस्यों का निर्वाचन जरूरी है। मगर इन पंचायतों में निर्वाचित ग्राम पंचायत सदस्यों की संख्या इस मानक से कम है।
शासन के निर्देश पर पंचायतीराज विभाग ने शपथ ग्रहण की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में जिन पंचायतों का गठन होना है उसकी सूची तैयार की गई है। इसी दौरान यह वास्तविक आंकड़े सामने आ सके हैं कि कितनी पंचायतों का गठन नहीं हो पाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से उपचुनाव कराने के बाद जब सदस्यों की संख्या पूरी होगी, तभी इन पंचायतों का गठन होगा, तब तक इन प्रधानों को इंतजार करना होगा।
जिले में 1294 ग्राम पंचायतों में चुनाव संपन्न होने के बाद से ही चुने गए ग्राम प्रधान शपथ लेने का इंतजार कर रहे हैं। शासन की ओर से सभी जिलों को मौखिक आदेश तो दे दिए गए हैं लेकिन अभी तक तिथि तय नहीं की गई है। जिले में फिलहाल 868 पंचायतों में ही प्रधान पहले चरण में शपथ लेने के बाद कामकाज शुरू कर सकेंगे।
जीत के बाद मरने वालों की तैयार हो रही सूची
पंचायती राज विभाग ने ऐसे गांवों की सूची तैयार की है, जहां गठन नहीं हो सकेगा। इसमें सर्वाधिक संख्या खजनी ब्लॉक की है। इस ब्लॉक के 85 में से 49 पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्यों की संख्या दो तिहाई से कम है। इसी तरह गोला ब्लॉक की कुल 72 में से 26 पंचायतों का ही गठन हो पाएगा। वहां की 46 ऐसी पंचायतें हैं जहां के नवनिर्वाचित प्रधान शपथ नहीं ले सकेंगे।
कुछ पंचायतों के प्रधानों का जीतने के बाद निधन हो गया है। ऐसे गांवों में भी पंचायतों का गठन फिलहाल नहीं हो सकेगा। पंचायतीराज विभाग इन पंचायतों की सूची तैयार कर रहा है। ऐसे में पंचायतों का गठन नहीं हो पाने वाली पंचायतों की संख्या कुछ और बढ़ सकती है।
डीपीआरओ हिमांशु शेखर ठाकुर ने बताया कि करीब 868 ग्राम पंचायतों में सदस्यों की संख्या दो तिहाई पूरी है। शासन की ओर से निर्धारित तिथि को वहां गठन करा लिया जाएगा। जहां ग्राम पंचायत सदस्य पूरे नहीं हैं, वहां उपचुनाव के बाद ही गठन हो सकेगा।
ब्लाकवार स्थिति
ब्लॉक कुल ग्राम पंचायतें गठित पंचायतें गठित न होने वाली पंचायतें
पिपराइच 63- 43- 20
भटहट 64- 56- 08
चरगांवा 35- 34- 01
जं. कौड़िया 50- 35- 15
भरोहिया 40- 35- 05
कैंपियरगंज 72- 60- 12
पाली 67- 55- 12
सहजनवां 64- 38- 26
पिपरौली 63- 47- 16
खजनी 85- 36- 49
बेलघाट 89- 52- 37
उरुवां 95- 52- 43
गोला 72- 26- 46
बड़हलगंज 69- 45- 24
गगहा 76- 37- 39
बांसगांव 69- 31- 38
कौड़ीराम 64- 41- 23
ब्रह्मपुर 63- 51- 12
खोराबार 41- 41- 00
सरदारनगर 53- 53- 00
कुल 1294 868 426