विद्युत उपकेंद्र में भरा बारिश का पानी।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर में बुधवार रात से लेकर शुक्रवार सुबह तक हुई बारिश ने शहर की बिजली व्यवस्था बिगाड़ दी। 15 हजार उपभोक्ताओं ने नौ घंटे बिजली संकट झेला। बरहुआं से आने वाली हाईटेंशन लाइन में फाल्ट आने की वजह से शहर के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। आधी रात 12 बजे गुल हुई बिजली गुरुवार सुबह 8 से 9 बजे के बीच बहाल हो सकी।
रात में बिजली गुल होने से सुबह लोगों के घरों में पानी का संकट हो गया। लोगों की दिनचर्या खराब हो गई। शहर के अन्य कुछ इलाकों में सुबह छह बजे जो बिजली गुल हुई, वह आठ बजे सुबह के करीब बहाल हो सकी।
सबसे अधिक परेशानी टाउनहॉल और नार्मल बिजली घर से जुड़े उपभोक्ताओं को उठानी पड़ी। बरहुआं ट्रांसमिशन से बिजली घर तक आने वाली लाइन में बारिश के बीच फाल्ट हो गया था। इससे आपूर्ति ठप हो गई। एसडीओ रुस्तमपुर वीके मल्ल व नार्मल रोड बिजली घर के अवर अभियंता प्रदीप सिंह टीम के साथ आपूर्ति बहाल कराने में जुटे रहे।
बारिश हल्की होने के बाद फाल्ट खोजना शुरू किया गया। पता चला कि पोल पर आने वाली हाईटेंशन लाइन का इंसुलेटर जल गया। इसके बाद उसे सही कराने के बाद लाइन मेंटेनेंस के काम कराए गए। इसी बीच जगन्नाथपुर फीडर में तकनीकी फाल्ट आ जाने की वजह से फिर से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सुबह नौ बजे दोनों बिजली घर के फाल्ट को ठीक कर आपूर्ति शुरू की गई।