दालों की नई फसल तैयार होने के साथ ही विदेश से दाल की आवक बढ़ने के बाद इसके दाम में बड़ी गिरावट आ गई है। पिछले एक सप्ताह के अरहर दाल के दाम में 1200 रुपये क्विंटल तक की कमी आई है। वहीं मटर दाल में भी 1400 रुपये क्विंटल तक की गिरावट आई है। खुदरा बाजार में दालों के दाम में गिरावट का असर नहीं पड़ा और कीमतें जस की तस होने से लोगों को राहत नहीं मिली है।
दाल के थोक व्यापारी संजय सिंघानिया ने बताया कि पिछले छह महीने से दालों के दाम में लगातार वृद्धि जारी थी। थोक में अरहर दाल की कीमतें 153 रुपये किलो तक पहुंच गई थी, पिछले एक सप्ताह में अरहर दाल के दाम में 12 रुपये किलो तक की गिरावट आ गई है।
इसे भी पढ़ें: अयोध्या की राह आसान करने की कोशिश में जुटा रेलवे, दोहरीकरण कार्य 15 जनवरी तक होगा पूरा
सोमवार को अरहर दाल मंडी में 141 रुपये किलो की दर से बिका। यही हाल मटर दाल का है। मटर के दाल की कीमत 75 रुपये किलो तक पहुंच गई थी, जो एक सप्ताह में 14 रुपये प्रति किलो घटकर 61 रुपये प्रति किलो पर आ गई है। चना दाल में भी चार रुपये किलो की गिरावट आई है।
इसे भी पढ़ें: उत्तर भारत से आ रही शीतलहर ने बढ़ाई ठिठुरन,दिन में 10 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवा
बड़ी इलाइची के दाम में भारी इजाफा, अन्य मसाले स्थिर
मसालों में सिर्फ बड़ी इलाइची और जीरा को छोड़ दिया जाए तो बाकी सभी मसालों के दाम स्थित हैं। बड़ी इलाइची के दाम में करीब दोगुना इजाफा हो गया है। 700 रुपये किलो बिकने वाले बड़ी इलाइची की कीमत 1300 रुपये किलो पहुंच गई है। वहीं जीरा में भी 90 रुपये किलो की गिरावट आई है। सोमवार को जीरा मंडी में 510 रुपये किलो बिका।