गोरखपुर। जिले में शादी समारोहों को देखते हुए खाद्य एवं रसद विभाग की ओर से कॉमर्शियल गैस सिलिंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। अब तक करीब छह हजार लोगों को कॉमर्शियल सिलिंडर दिए जा चुके हैं। विभाग के अनुसार, 14 मई तक होने वाली शादियों के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं। 15 मई के बाद शादी समारोह के लिए नए आवेदन नहीं लिए जाएंगे।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि शादी के अलावा अन्य पारिवारिक और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए भी आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन विभाग में जमा होने के बाद उसे संबंधित गैस एजेंसी को फारवर्ड किया जाता है, जिसके बाद एजेंसी लाभार्थियों को कॉमर्शियल सिलिंडर उपलब्ध कराती है।
जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि शादियों के मौसम में गैस की मांग बढ़ जाती है। इसे देखते हुए विभाग लगातार आवेदन लेकर जरूरतमंद परिवारों को सिलिंडर उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों की शादी तय है, वे समय से आवेदन कर दें ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो। भटहट निवासी राजेश यादव ने बताया कि उनके शादी है। विभाग में आवेदन किया था, जिसके बाद गैस एजेंसी से सिलिंडर मिल गया। वहीं चौरीचौरा निवासी मोहन ने बताया कि ने 14 मई को घर में शादी है। आवेदन के लिए विभाग में कार्ड जमा करा दिया है।