बांसगांव। बांसगांव-खजनी रोड पर भैरोपुर पुलिया के पास शुक्रवार को तीन बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बांसगांव थाने के उपनिरीक्षक और सिपाही समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में गोरखपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, बांसगांव पुलिस भटौली क्षेत्र में हुए सड़क हादसे के मामले में हिरासत में लिए गए युवक गोलू को लेकर थाने लौट रही थी। इसी दौरान भैरोपुर पुलिया के पास तीन बाइकें आपस में टकरा गईं। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में पकड़ी दामोदर निवासी देवेंद्र (25) का पैर फ्रैक्चर हो गया। हटवार निवासी गोलू (22) के पैर में गंभीर चोट आई। वहीं बांसगांव थाने के सिपाही राजेश यादव का पैर फ्रैक्चर हो गया जबकि उपनिरीक्षक रावेंद्र पाल भी घायल हो गए। भैरोपुर निवासी गुड्डू पुत्र मदन, जो बाइक से आटा लेकर जा रहे थे, वह भी घायल हो गए।