यूक्रेन से सकुशल लौटै मेडिकल विद्यार्थियों का भविष्य संवारने के लिए भारत सरकार और प्रदेश सरकार इंडियन मेडिकल रिसर्च काउंसिल से संपर्क में है। यह बात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूक्रेन से लौटे गोरखपुर के 16 मेडिकल विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से बुधवार को मुलाकात के दौरान कही।
गोरखनाथ मंदिर के तिलक हॉल में विद्यार्थियों से भेंट कर योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युद्धग्रस्त यूक्रेन से विद्यार्थियों की वापसी मोदी सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाती है। यूक्रेन से अपने नागरिक-विद्यार्थियों को सकुशल वापस लाने की जिम्मेदारी सिर्फ भारत सरकार ने ही निभाई। अन्य देश खासकर अफ्रीकी देशों की सरकारों ने अपने नागरिकों की सुरक्षा पर कोई ध्यान नहीं दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन पर हमला होते ही आला अधिकारियों के साथ बैठक की और नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए ऑपरेशन गंगा शुरू किया। विद्यार्थियों-नागरिकों को लाने का जिम्मा चार केंद्रीय मंत्रियों को भेजा। केंद्र और राज्य सरकारों ने नोडल अधिकारी तैनात किए। विद्यार्थियों को सलाह दी कि अपने पाठ्यक्रम से जुड़े रहें और मानसिक मजबूती बनाए रखें। इससे वह अपने कॅरियर को विपरीत परिस्थितियों में भी आगे ले जाने में सफल हो सकेंगे।
2078 विद्यार्थी सकुशल लौटे
सीएम योगी ने बताया कि यूक्रेन में उत्तर प्रदेश के 2290 विद्यार्थी रहते हैं। इनमें से 2078 सकुशल लाए जा चुके हैं। गोरखपुर के 74 विद्यार्थियों में से 70 लौट चुके हैं। शेष चार में से दो बच्चे पोलैंड एयरपोर्ट पर भारतीय दूतावास में हैं। दो विद्यार्थी यूक्रेन के सुरक्षित शहर पोलतावा पहुंच चुके हैं। सभी जल्द ही सकुशल घर आएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि उनकी पहल से ही युद्धग्रस्त क्षेत्र से बच्चे सकुशल लौट रहे हैं।
प्रधानमंत्री की कुशल विदेश नीति से मिली सफलता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीयों को वापस लाने में पीएम मोदी की कुशल विदेश नीति है। उनकी पहल का ही नतीजा है कि रोमानिया, हंगरी और पोलैंड जैसे देशों ने भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने में मदद की। पीएम की सलाह पर रूस और यूक्रेन ने सीजफायर किया और भारतीय नागरिक सुरक्षित निकल सके। अभियान में कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
विद्यार्थी-अभिभावक दिखे भावविभोर
यूक्रेन से सकुशल लौटे विद्यार्थी और उनके अभिभावक बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर उनके व्यवहार से भावविभोर नजर आए। विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री ने पूछा कि लौटने में कोई परेशानी तो नहीं आई। बच्चों ने बताया कि सिर्फ यूक्रेन में परेशानी हुई। सीमा पार करने के बाद सबका सहयोग मिला। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करते हुए कहा कि उनके कारण ही सब सकुशल अपने घर लौट सके।
इन मेडिकल विद्यार्थियों से मिले सीएम...मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यूक्रेन से लौटी प्रियांशी गुप्ता, रक्षा श्रीवास्तव, सौम्या राज, विपुल शुक्ल, हरिमोहन कुमार, हर्षिता कौशल उपाध्याय, आयुष द्विवेदी, चयनिका सिंह, काजल कश्यप, खुशी कश्यप, सृष्टि सिंह, पवन कुमार यादव, अमन कुमार दुबे, निखिल तिवारी, अखिलेश कुमार और निखिल दुबे से मिले।