गोरखपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : अमर उजाला।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से कहा कि खाद कारखाना मैदान में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में काफी संख्या में लोग एवं वाहन आएंगे। इस दौरान शहर के यातायात को व्यवस्थित रखने के लिए अधिक संख्या में जवानों की जरूरत होगी। ऐसे में दूसरे जिलों से भी पुलिस बुला लें, जिससे किसी को परेशानी न होने पाए।
तीन दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ बैठक में उक्त निर्देश दिया। कहा कि खाद कारखाना परिसर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने खाद कारखाना परिसर में बनाए जा रहे तीनों मंचों के बारे में जानकारी ली।
एयरपोर्ट, खाद कारखाना परिसर में बने हेलीपैड एवं मंच पर कौन-कौन प्रधानमंत्री का स्वागत करेगा, यह सूची बनाने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एयरपोर्ट पर मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी जरूरी इंतजाम कर लिए जाएं। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अब तक की गई तैयारियों के अलावा सुरक्षा एवं यातायात की व्यवस्था से भी अवगत कराया गया। बैठक में एडीजी जोन अखिल कुमार, कमिश्नर रवि कुमार एनजी, डीएम विजय किरन आनंद, एसएसपी डॉ. विपिन ताडा, जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह, नगर आयुक्त अविनाश सिंह आदि मौजूद रहे।
तेज किया जाए टीकाकरण
मुख्यमंत्री ने कोरोना रोधी टीकाकरण के प्रगति की जानकारी भी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि टीकाकरण का काम तेजी से किया जाए, जिससे जल्द से जल्द सभी को टीका लग जाए। मुख्यमंत्री ने शहर में यातायात व्यवस्था के बारे में भी चर्चा की। कहा कि चौराहों के चौड़ीकरण, सड़कों के किनारे से अतिक्रमण हटाने का काम भी तेज किया जाए।