एक साथ जुड़कर आगे बढ़ सकते हैं मुक्त विवि के अध्ययन केंद्र
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय प्रबंधन से तकनीक पक्ष पर ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय के 1200 अध्ययन केंद्र प्रयागराज स्थित इस विश्वविद्यालय से जुड़कर 17 कक्षाओं को आगे बढ़ा सकते हैं। गोरखपुर में स्थापित हो रहे क्षेत्रीय केंद्र की भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका होगी। तकनीक के जरिए एक शिक्षक एक साथ सभी केंद्रों के छात्रों की कक्षाएं ले सकते हैं। अगले वर्ष जब उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय अपनी स्थापना का रजत जयंती वर्ष मना रहा होगा, तब तक गोरखपुर के क्षेत्रीय केंद्र भवन के बनकर तैयार हो जाने की उम्मीद है। सीएम ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार मुक्त विश्वविद्यालय को भरपूर सहयोग देगी।
25 करोड़ जनता का सीएम योगी पर पूरा विश्वास : रविकिशन
सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि प्रदेश की 25 करोड़ जनता का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पूरा विश्वास है। सीएम योगी का शिक्षा के प्रति विशेष ध्यान रहता है। उनका मानना है कि शिक्षा के जरिए किसी भी ऊंचाई पर पहुंचा जा सकता है। शिक्षा के माध्यम से ही रोजगार बढ़ेगा और पलायन रुकेगा।
यूएसए से आए कार्डियोलॉजिस्ट की चर्चा कर हुनर को आगे बढ़ाने की जताई जरूरत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूएसए से मिलने आए एक कार्डियोलॉजिस्ट की चर्चा की और कहा कि वह कार्डियोलॉजिस्ट आईआईटी कानपुर से पढ़े हैं। अच्छे पैकेज पर यूएसए में नौकरी करने गए थे। वहां उन्होंने नौकरी करते हुए कार्डियोलॉजी की डिग्री ली और कार्डियोलॉजिस्ट बन गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से इस तरह के हुनर को अब भारत में भी मंच मिलने वाला है। इसके लिए हमें नए परिप्रेक्ष्य में विद्यार्थियों को तैयार करना होगा।
उच्च शिक्षा की लौ जला रहा है मुक्त विश्वविद्यालय : कुलपति
मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सीमा सिंह ने बताया कि 1998 में स्थापित इस मुक्त विश्वविद्यालय के 12 क्षेत्रीय केंद्रों के जरिए 1200 से अधिक अध्ययन केंद्र संचालित हैं। 137 पाठ्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश में दूरस्थ प्रणाली से उच्च शिक्षा की लौ प्रज्ज्वलित की जा रही है। उन्होंने बताया कि मुक्त विश्वविद्यालय के प्रयागराज, लखनऊ और बरेली में क्षेत्रीय केंद्र के भवन बन गए हैं। आज गोरखपुर के क्षेत्रीय केंद्र का शिलान्यास हुआ है। कानपुर के क्षेत्रीय केंद्र भवन निर्माण की प्रक्रिया जारी है। वाराणसी और अयोध्या में भवन के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। आभार ज्ञापन कुलसचिव प्रो. प्रेम प्रकाश दूबे ने किया। कार्यक्रम में सांसद रवि किशन शुक्ला, जयप्रकाश निषाद, मेयर सीताराम जायसवाल, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेश सिंह, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अंजू चौधरी मौजूद रहीं।
सीएम ने भूमि पूजन कर पारिजात, कल्पवृक्ष व मौलश्री के पौधे रोपे
शिलान्यास समारोह में संबोधन से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रामगढ़ताल परियोजना क्षेत्र में उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय केंद्र भवन का वैदिक विधि विधान से भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में पारिजात, कल्पवृक्ष व मौलश्री का पौधा भी लगाया।