शहर को जितना अच्छा रखेंगे उतना बढ़ेगा पर्यटन
सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर को आज अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त क्रूज के रूप में नया उपहार मिला है। खास बात यह है कि इस क्रूज को तैयार करने में स्थानीय श्रमिकों ने योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि हम जितना अच्छा शहर रखेंगे, उतनी ही पर्यटन की पर्यटन और विकास की संभावना बढ़ने के साथ नए रोजगार भी सृजित होंगे। यह एक तरह से जीवन चक्र जैसा है। इसलिए सुरक्षा और अच्छा माहौल मिलेगा तो बाहर के लोग यहां आएंगे। हरेक क्षेत्र में निवेश होगा और शहर के साथ प्रदेश और देश आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित भारत का जो सपना देखा है वह साकार होगा और सबके जीवन में खुशहाली आएगी।
वाटर स्पोर्ट्स की गतिविधियां बढ़ाएं जीडीए व पर्यटन विभाग
मुख्यमंत्री ने कहा कि छह वर्ष पूर्व रामगढ़ताल की स्थिति क्या थी, यह सबने देखा है। अब यह नया पर्यटन स्थल बन चुका है। चारों ओर सड़कें और फुटपाथ बन चुका है। यहां की चमचमाती लाइट देखकर लोगों को लगता ही नहीं कि वे गोरखपुर में ही हैं। उन्होंने कहा कि यह विकास की यह चमक बरकरार रहे, इसके लिए निरंतर सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। मुख्यमंत्री ने वाटर स्पोर्ट्स की गतिविधियों को भी बढ़ाने के लिए गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) और पर्यटन विभाग को मिलकर आगे बढ़ने का निर्देश दिया।