गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए भरपूर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी। किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर जरूरतमंद, पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित किया जाए ताकि उन्हें इलाज के लिए परेशान न होना पड़े।
सीएम योगी ने बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे लोगों से आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा और आश्वस्त किया कि सरकार इलाज कराने में भरपूर मदद करेगी।
जनता दर्शन में कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे।
मुख्यमंत्री ने उनसे आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा, साथ ही भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। अस्पताल का एस्टीमेट मिलते ही विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध करा दी जाएगी। जनता दर्शन में कुछ महिलाओं के साथ उनके बच्चे भी आए थे। मुख्यमंत्री ने बच्चों को दुलारा और उन्हें आशीर्वाद के साथ चॉकलेट दी। इस दौरान उन्होंने एक महिला के साथ आए दो बच्चों से हंसी-ठिठोली भी की और उन्हें स्कूल जाने के लिए प्रेरित किया।