मुख्यमंत्री योगी ने अपील की कि सांसद से लेकर ग्राम पंचायत सदस्य तक हर स्तर के जनप्रतिनिधि और अधिकारी गरीबों संग दिवाली की खुशियां साझा करें। कम से कम एक गरीब परिवार के पास मिठाई,दीय आदि लेकर जरूर जाएं और उन्हें भी दिवाली के उत्सव में शामिल करें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या के दीपोत्सव में प्रदेश के 15 करोड़ पात्र लोगों के लिए मार्च माह तक मुफ्त खाद्यान्न व दाल-तेल आदि के वितरण का एलान किया था। बृहस्पतिवार को वनटांगिया लोगों के बीच उन्होंने फिर यह घोषणा दोहराकर 15 करोड़ लोगों को दिवाली पर ही होली का भी उपहार दे दिया। नवंबर तक केंद्र सरकार के सौजन्य से मुफ्त राशन मिल रहा है। इसके बाद दिसंबर से लेकर मार्च तक की व्यवस्था राज्य सरकार करने जा रही है। इस दौरान पात्र गृहस्थी व अंत्योदय कार्ड धारकों को निर्धारित राशन के साथ ही एक किलो दाल, एक किलो खाद्य तेल, एक किलो नमक भी मुफ्त दिया जाएगा। अंत्योदय कार्ड धारकों को एक किलो चीनी भी मिलेगी।
विज्ञापन
गरीबों संग साझा करें दिवाली की खुशियां
मुख्यमंत्री योगी ने अपील की कि सांसद से लेकर ग्राम पंचायत सदस्य तक हर स्तर के जनप्रतिनिधि और अधिकारी गरीबों संग दिवाली की खुशियां साझा करें। कम से कम एक गरीब परिवार के पास मिठाई,दीय आदि लेकर जरूर जाएं और उन्हें भी दिवाली के उत्सव में शामिल करें। मुख्यमंत्री ने बताया कि आज अयोध्या में रामलला का दर्शन करने के बाद वह एक अंत्योदय परिवार में गए और मिठाई, दीये, फुलझड़ी आदि का उपहार दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से खुशी कई गुना बढ़ जाएगी क्योंकि त्योहार का आनंद अकेले में मनाने से नहीं, बल्कि सामूहिकता में मनाने से है।
खुशहाली का प्रतीक है अयोध्या के दीपोत्सव का हर दीपक
मुख्यमंत्री ने बुधवार को हुए अयोध्या के दीपोत्सव की भव्यता व दिव्यता का उल्लेख करते हुए कहा कि एक दीपक सिर्फ प्रकाश का प्रतीक नहीं है। अपितु वह ज्ञान, सुख-समृद्धि, खुशहाली का भी प्रतीक है।यह खुशहाली हर व्यक्ति के जीवन में हो, इसी उद्देश्य से अयोध्या के दीपोत्सव में लाखों-लाख लोग जोड़े जाते हैं।
जंगल तिकोनिया नंबर तीन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंचीय कार्यक्रम के बाद यहां विभिन्न विभागों की तरफ से स्टालों के माध्यम से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी के जरिये लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही थी। उन्होंने कुछ स्टालों पर रुककर वहां मौजूद लोगों से जानकारी भी ली। इस दौरान उन्होंने तीन बच्चों का अन्नप्राशन कराया और उन्हें खूब दुलारा। सीएम ने दो महिलाओं की गोदभराई कराकर उन्हें उपहार प्रदान किए।
दीप जलाकर दीपोत्सव का शुभारंभ, किया गांव का भ्रमण
स्टॉलों का अवलोकन करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गांव के भ्रमण पर निकले। वह सबसे पहले वनटांगिया समाज के मुखिया राम गणेश के घर पहुंचे। घर के बाहर सजाई रंगोली के बीच दीप प्रज्वलित कर समूचे गांववासियों के लिए दीपोत्सव का शुभारंभ किया। सीएम कुछ देर राम गणेश के घर में भी बैठे और सबका कुशलक्षेम जाना। इसके बाद गांव का भ्रमण करते हुए लोगों से मिले और उनका अभिवादन स्वीकार कर उनसे संवाद भी किया। कई बच्चों संग उन्होंने ठिठोली भी की। मुख्यमंत्री ने इस दौरान गांव में स्थित हिन्दू विद्यापीठ के बच्चों को मिठाई व अन्य उपहार दिए। विद्यापीठ में बच्चों के बैठने के लिए फर्नीचर की व्यवस्था देख वह खुश नजर आए।
स्मार्ट क्लास का डेमो देख बच्चों से बोले, कुछ पूछने में हिचकना नहीं
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जंगल तिकोनिया नंबर 3 में बने कंपोजिट विद्यालय में स्मार्ट क्लास भी शुरू हो रहा है। दिवाली के दिन यहां पहुंचे सीएम योगी ने विद्यालय में स्मार्ट क्लास का डेमो भी देखा। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों को समझाया कि तकनीक के बदलते दौर में हर बच्चे पर ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने बच्चों से कहा कि किसी भी तरह की दिक्कत होने पर या कुछ ना समझ आने पर बेहिचक अपने शिक्षकों से सवाल किया करें।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में मेयर सीताराम जायसवाल, राज्यसभा सदस्य जयप्रकाश निषाद, विधायक महेंद्र पाल सिंह, विपिन सिंह, शीतल पांडेय, संगीता यादव, संत प्रसाद, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डॉ धर्मेंद्र सिंह, जिला अध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, चरगांवा की ब्लॉक प्रमुख वंदना सिंह, हिंदू युवा वाहिनी के प्रदेश महामंत्री पीके मल्ल, संजय सिंह, जनार्दन जायसवाल समेत कई लोग उपस्थित रहे।