गोरखनाथ मंदिर में बुधवार को विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने आयुष विश्वविद्यालय के निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री इसके पहले भी इस विश्वविद्यालय के निर्माण में सुस्ती पर नाराजगी जता चुके हैं।
इसी तरह मुख्यमंत्री ने एसएसपी गौरव ग्रोवर को कानून व्यवस्था को चुस्त- दुरुस्त रखते हुए गो तस्करों पर प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गो तस्करी को पूरी तरह से रोका जाए। उन्होंने नशामुक्ति की दिशा में काम करने का भी निर्देश दिया जिसपर अधिकारियों ने इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
बैठक में इलेक्ट्रिक बस चलाने की योजना के सफल होने की जानकारी मुख्यमंत्री को दी गई। अधिकारियों ने और इलेक्ट्रिक बसें चलाने की जरूरत बताई। मुख्यमंत्री ने इस मामले में सकारात्मक आश्वासन दिया ।
इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी विकास यादव ने वन क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं को लेकर प्रस्तुतीकरण भी दिया। मुख्यमंत्री ने सूखे की स्थिति के बारे में जानकारी ली। साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों में गन्ना की अच्छी खेती के बारे में अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि अच्छा करने वाले किसानों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने निवेश बढ़ाने के लिए प्रयास करने को कहा।
बैठक में कमिश्नर रवि कुमार एनजी, डीआइजी जे रविन्दर गौड, डीएम कृष्णा करुणेश, एसएसपी गौरव ग्रोवर, जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह, नगर आयुक्त अविनाश सिंह समेत कुछ अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।