विजयादशमी पर गोरखनाथ मंदिर से निकलने वाली शोभायात्रा को लेकर सुरक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। मंदिर से मानसरोवर के बीच जगह-जगह घरों की छतों पर पुलिस कर्मी तैनात होंगे। मुख्यमंत्री व गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ का रथ त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में होगा।
शोभायात्रा से एक घंटा पहले ड्रोन से रास्ते और छतों की निगरानी शुरू हो जाएगी। रथ के साथ एटीएस के कमांडो भी रहेंगे। शनिवार को डीआईजी रेंज राजेश मोडक, एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर शोभायात्रा मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।
जानकारी के मुताबिक, सुरक्षा में जिले के तीन एएसपी, छह सीओ, 15 थानेदार, 65 दारोगा और 800 सिपाही तैनात होंगे। गोरखनाथ मंदिर से मानसरोवर पोखरा तक की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मियों की 65 टीमें लगाई जाएंगी। एक टीम में एक दारोगा व आठ सिपाही को रखा गया है। 28 एटीएस कमांडो के साथ पुलिस की 12 टीमें गोरक्षपीठाधीश्वर के रथ साथ चलेंगी।
त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में एनएसजी कमांडो के बाद सीएम सिक्योरिटी टीम, उसके बाद एटीएस कमांडो, जिला पुलिस के दारोगा व सिपाही रहेंगे। सुरक्षा के लिहाज से चार स्थानों पर सीसी कैमरे लगाए गए हैं। गलियों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात रहेगी।
सुरक्षा व्यवस्था में कितने लोग लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था कैसी होगी यह सब चंद लोगों को ही मालूम है। रविवार दोपहर दो बजे से शोभायात्रा समाप्त होने तक गोरखनाथ मंदिर, मानसरोवर पोखरा व रामलीला मैदान की तरफ भारी वाहनों के आने-जाने पर प्रतिबंध रहेगा।