प्लेटफॉर्म नंबर एक ब्लॉक होने के बाद आरपीएफ और जीआरपी पुलिस के जवान जीआरपी थाने के पास पूरी मुस्तैदी से जुट गए हैं। हर आने-जाने वाले पर उनकी पैनी निगाह है। रेलवे के अधिकारियों, कर्मचारियों को छोड़कर जीआरपी थाने से आगे सामान्य यात्रियों को जाने नहीं दिया जा रहा है। उनसे भी कई बार सवाल-जवाब हो जा रहे हैं। एक नंबर पर केवल पुलिसकर्मी, रेलवे के अधिकारी,कर्मचारी और काम करने वाले मजदूरों को छोड़कर किसी को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
एक नंबर प्लेटफॉर्म को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। पुराने पंखे बदलकर नए लगवा दिए गए हैं। इसके अलावा जहां से प्रधानमंत्री वंदे भारत को हरी झंडी दिखाएंगे, वहां से लेकर करीब 100 मीटर तक प्लेटफाॅर्म पर रंग-बिरंगे चादरों से ढ़क दिया गया है। इसके अलावा एक नंबर पर पड़ने वाले सभी पानी के स्टॉल को रंग-बिरंगा कर दिया गया है। पानी के लिए नए स्टॉल लगा दिए गए हैं। एक नंबर के हर उस स्थान की सफाई करा दी गई हैं, जहां-जहां तक लोगों की निगाहें पहुंच सकती है।