खाद कारखाना में जनता को संबोधित करते सीएम योगी।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 हजार करोड़ की लागत से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट खाद कारखाना, एम्स और बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज के रीजनल मेडिकल रिसर्च सेंटर (आरएमआरसी) का लोकार्पण करने पहुंचे। इस दौरान सीएम योगी ने जनता को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि जो विपक्ष के लिए असंभव और नामुमकिन था उसे अपने नाम के अनुरूप 'मोदी है तो मुमकिन है' से प्रधानमंत्री ने संभव कर दिखाया है। 2016 में प्रधानमंत्री ने गोरखपुर के इसी खाद कारखाने का शिलान्यास किया था, जो आज बनकर तैयार है। जो पहले से 4 गुना ज्यादा क्षमता का है। गोरखपुर का फर्टिलाइजर का कारखाना 1990 को बंद हो गया था। तब से लेकर 2014 तक 24 वर्षों तक किसी ने इसकी सुध नहीं ली।
सीएम योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना
उन्होंने कहा कि गोरखपुर को लगातार माना जाता था कि यहां बीमारी है। यहां दिमागी बुखार, मलेरिया आदि विषाणुजनित बीमारियों से मौतें होती थीं। तब 2016 में आदरणीय प्रधानमंत्री ने इसी एम्स का शिलान्यास किया था और आज उद्घाटन भी कर रहे हैं। आज आप देखेंगे कि यूपी में मेडिकल कॉलेज की श्रृंखला तैयार हो रही है। आज यूपी 59 जनपदों में मेडिकल कॉलेज है और अन्य जनपदों में भी मेडिकल कॉलेज बनाने की कार्रवाई चल रही है।
सीएम ने कहा कि पूर्वी यूपी में पिछले कई दशकों से बीमारी से चलते हर वर्ष हजारों मौतें होती थीं लेकिन पिछली सरकारों ने उनकी स्वास्थ्य की परवाह नहीं की थी। सभी को उनके हाल पर छोड़ दिया था। आज प्रधानमंत्री पूर्वी यूपी को एम्स की सुविधा देने आए हैं जो यहां के साथ आस-पास के लोगों के लिए वरदान होगा।