बांसगांव में बृहस्पतिवार को मतदान के बाद बवाल हो गया। भाजपा प्रत्याशी सुधा सिंह और निर्दलीय प्रत्याशी वेद प्रकाश शाही के समर्थकों में झड़प हो गई। दोनों ही पक्ष के समर्थकों ने मारपीट की तो पुलिस ने लाठियां भांजकर भीड़ को खदेड़ा। विवाद बढ़ता देख एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह तीन थाने की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
उधर, थाने में शिकायत लेकर आए दोनों पक्ष एक बार फिर भिड़ गए। पुलिस ने थाने के अंदर भी बल प्रयोग कर खदेड़ा और सात लोगों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल, इलाके में फोर्स तैनात कर दी गई है।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में मतदान के बाद खुली दुकान, गटक गए पांच करोड़ की शराब
जानकारी के मुताबिक, बांसगांव चौराहे पर स्थित बूथ पर मतदान खत्म होने के बाद प्रत्याशी सुधा सिंह और वेद प्रकाश के समर्थकों में मारपीट हो गई। भीड़ एकत्र होता देख बीएसएफ के जवानों ने बल प्रयोग कर वहां से लोगों को खदेड़ दिया। लेकिन, समर्थक आगे जाकर वार्ड नंबर दो में एक बार फिर भिड़ गए।
इस बीच एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। सड़क पर मारपीट होता देख एसपी ने फोर्स के साथ लाठियां भांजनी शुरू कर दी। इससे अफरा-तफरी का माहौल हो गया और चंद मिनटों में ही सन्नाटा पसर गया। पुलिस को लगा कि अब मामला शांत हो गया, लेकिन फिर थाने में दोनों पक्ष के लोग पहुंच गए। यहां पर एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए पुलिस के सामने ही भिड़ गए। पुलिस ने दोनों पक्ष से सात लोगों को हिरासत में लिया है।
शाहपुर इलाके के गीता वाटिका स्थित वार्ड संख्या 43 में आम आदमी पार्टी प्रत्याशी के पति को मारपीट कर घायल कर दिया गया। पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, आवास विकास कॉलोनी ए ब्लॉक निवासी सुशील शुक्ला पत्नी अर्चना शुक्ला को शाहपुर वार्ड संख्या 43 से आम आदमी पार्टी से चुनाव लड़ा रहे हैं। आरोप है कि बृहस्पतिवार की शाम पांच बजे सुशील शुक्ला राम अवध इंटर कॉलेज मतदान केंद्र से बूथ देखकर बाहर निकल रहे थे।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर के मुस्लिम आबादी बहुल मोहल्लों में महिलाओं ने दिखाया उत्साह, खूब हुई वोटिंग
इसी बीच पीछे से आए पांच-छह लोगों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। उनकी आंख में चोट आई है। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को कार्रवाई का निर्देश दिया। शाहपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
गोला कस्बे के आंबेडकर स्कूल के पास चुनावी रंजिश में बृहस्पतिवार को प्रशासनिक अधिकारी के पिता को पीटने का मामला सामने आया। आरोप है कि पूर्व सभासद ने मारपीट की है, जिससे दांत टूट गया। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।
जानकारी के मुताबिक, वार्ड संख्या 18 निवासी अशोक कुमार जायसवाल के पुत्र पीयूष जायसवाल महोबा में एसडीएम हैं। अशोक का आरोप है कि वोट डालने के लिए आंबेडकर स्कूल के पास मतदाता पर्ची बनवा रहे थे। तभी वहां भाइयों के साथ पहुंचे निवर्तमान सभासद किसी बात को लेकर उलझ गए।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में कोई वाकर के सहारे तो किसी को मिला बेटे-बहू का सहारा, हर किसी ने डाला वोट
पीड़ित के अनुसार उन लोगों ने जान मारने की नीयत से हमला किया और मारा पीटा। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक गोला अश्वनी तिवारी ने बताया कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
गोरखपुर शहर के तिवारीपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर में बृहस्पतिवार को वोट डालने गए दो युवकों पर मनबढ़ों ने हमला कर दिया। इसमें एक युवक का सिर फूट गया। आरोप है कि उनका आधार कार्ड और अन्य कागजात भी छीन लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, पिपरापुर निवासी राहुल दोस्त संतोष के साथ वोट डालने गए थे। पहले वह अपने घर के पास बूथ पर गए तो पता चला कि नाम उनका दूसरे बूथ माधोपुर में है। वह माधोपुर बूथ के बाहर पांच से सात की संख्या में युवकों ने घेरकर पिटाई शुरू कर दी। संतोष भी चोटिल हो गया।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में वोट डालने पहुंचे तो पता चला बदल गया मतदान केंद्र
पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। राहुल ने बताया कि मारपीट क्यों की गई, यह समझ में ही नहीं आया। पुलिस तहरीर के आधार पर जांच कर रही है।
फर्जी मतदान का आरोप लगाकर प्रत्याशी ने पीटा
गोला कस्बे के कंपोजिट विद्यालय प्रथम पर मतदान करने पहुंचे एक मतदाता को दूसरी बार मतदान करने का आरोप लगाकर सभासद प्रत्याशी ने थप्पड़ मार दिया। पुलिसकर्मी प्रत्याशी को थाने उठा ले गए। खबर लिखे जाने तक प्रत्याशी को थाने पर ही बैठाया गया था। इस संबंध में कोतवाल अश्वनी त्रिपाठी ने कहा कि इस मामले कोई तहरीर नहीं मिली है।
भीड़ को शांत करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला।
शहर के कई इलाकों में फर्जी वोट, वीडियो बनाने जैसे मामूली बातों को लेकर हंगामें की सूचना आई है। बौलिया में गर्ल्स इंटर काॅलेज में मोबाइल फोन लेकर बूथ के अंदर घुसने पर दो प्रत्याशियों के समर्थकों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर भीड़ जुट गई और पुलिस को लाठियां पटकनी पड़ी। कुछ इसी तरह का हाल वार्ड नंबर 57 के तुलसीदार इंटर कॉलेज बूथ पर भी रहा। यहां भी शाम में भाजपा और सपा प्रत्याशी के समर्थक आपस में भिड़ गए। उन्हें खदेड़ने के लिए पुलिस ने लाठियां पटकीं। सेंट एंड्रयूज में वोटर लिस्ट से नाम काटने के आरोप में विवाद हुआ। तिवारीपुर के पिपरापुर, राजघाट और गोरखनाथ में भी कुछ जगहों पर कहासुनी की घटनाएं सामने आईं।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में मिले 12 संक्रमित, 32 ने दी कोरोना को मात
गोरखपुर के कैंट इलाके की इंजीनियरिंग कॉलेज चौकी पुलिस ने बुधवार देर रात करीब 12 बजे वोटरों को साड़ी व पैसा बांटते हुए वार्ड नंबर चार मालवीय नगर निवासी बसपा पार्षद प्रत्याशी संगीता के समर्थक छोटेलाल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने डिभिया निवासी समर्थक छोटेलाल के पास से तीन हजार रुपये व तीन साड़ी बरामद किया है। पुलिस ने संगीता, समर्थक छोटेलाल व उसके भाई मोहन के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि डिभिया गांव में साड़ी व 500 रुपये बांटे जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल चौकी इंचार्ज अवधेश मिश्रा पहुंच गए। पुलिस ने साड़ी व रुपयों के साथ छोटेलाल को गिरफ्तार कर लिया।
इसे भी पढ़ें: मोबाइल फोन तो नहीं ले जा रहे, किसी को दे दीजिए, नहीं तो ले लेंगे
छोटेलाल ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई मोहन के कहने पर बसपा प्रत्याशी के लिए रुपये व साड़ी बांट रहा था। उधर, रामगढ़ताल पुलिस ने रामगढ़ गांव में फर्जी वोट डालने की कोशिश के आरोप में चार युवकों को हिरासत में ले लिया।
सहजनवां नगर पंचायत के गाहासाड़ स्थित भोलाराम मस्करा इंटर काॅलेज बूथ पर नगर पंचायत के निवर्तमान अध्यक्ष निर्दलीय प्रत्याशी सुमन सिंह के पोलिंग एजेंट शशि नंदन सिंह उर्फ सिंटू ने एक प्रत्याशी पर मारने पीटने का आरोप लगाया है।
पीड़ित का आरोप है कि बृहस्पतिवार को तीन से चार बजे के बीच बूथ संख्या 26 पर कुछ लोग फर्जी वोट डाल रहे थे। जानकारी होने पर विरोध किया और पीठासीन अधिकारी से शिकायत की गई। इसी दौरान एक प्रत्याशी पहुंचीं और गाली गलौज के साथ पीट दिया। गीडा थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने कहा कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।