गगहा। थाना क्षेत्र के गजपुर कस्बे के कर्बला टोले में रविवार शाम जमीन के पुराने विवाद को लेकर पटीदारों के बीच मारपीट हो गई। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने दरवाजे पर चढ़कर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में दीवानी कचहरी बांसगांव के अधिवक्ता शिवचंद चौरसिया, उनकी पत्नी, दो बेटे, बेटी और दो रिश्तेदार घायल हो गए। दूसरे पक्ष के भी कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है।
जानकारी के अनुसार, गजपुर निवासी अधिवक्ता शिवचंद चौरसिया का अपने पटीदारों से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। आरोप है कि रविवार शाम करीब छह बजे अधिवक्ता के बेटे अंकुर और नितेश बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहे थे। रास्ते में पहले से मौजूद पटीदारों ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद हमलावर अधिवक्ता के घर पहुंच गए और परिवार के अन्य सदस्यों पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
मारपीट में अधिवक्ता शिवचंद, उनकी पत्नी सरिता, बेटे अंकुर और नितेश, बेटी पूजा तथा रिश्तेदार हेमंत और राहुल घायल हो गए। सभी को कौड़ीराम स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी राजकुमार सरोज ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।