गोरखपुर। शहर के बिछिया की रहने वाली वॉलीबॉल खिलाड़ी आकांक्षा पांडेय का चयन चीन के सांगलू शहर में चार दिसंबर से आयोजित होने वाले अंडर-15 वालीबॉल वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है। भारतीय टीम में वह यूपी की एक मात्र खिलाड़ी हैं। आकांक्षा के चयन पर खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में अभ्यास करने वाली खिलाड़ी झारखंड के रांची शहर में आयोजित इंडिया कैंप में प्रतिभाग कर रहीं थीं। इस दौरान बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन भारतीय टीम में हुआ। आकांक्षा ने बताया कि इंडिया कैंप के लिए खिलाड़ियों को ट्रायल महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित हुआ था। इसमें यूपी से आठ खिलाड़ी जबकि देशभर से 250 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। इनमें से 23 खिलाड़ियों का चयन इंडिया कैंप के लिए हुआ था। इसमें वह एक मात्र यूपी की खिलाड़ी थीं। इंडिया कैंप में बेहतर प्रदर्शन पर उनका चयन भारतीय टीम में हुआ है।
पिता के परिश्रम से आगे बढ़ी आकांक्षा आर्यनगर स्थित डीबी इंटर कॉलेज की कक्षा नौ की छात्रा हैं। आकांक्षा के पिता चंद्र प्रकाश पांडेय बीमा कंपनी में एजेंट हैं और मां ज्योति पांडेय गृहणी हैं। दो बहनों में आकांक्षा के वॉलीबॉल की शुरुआत मुहल्ले से हुई। यहां उनके पिता ने उनका पूरा समर्थन किया और आकांक्षा का दाखिला रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में कराया। पिता रोज उन्हें स्टेडियम छोड़ने और लेने जाते थे। आकांक्षा ने बताया पिता एक बीमा एजेंट हैं, ऐसे में परिवार हमेशा ही आर्थिक दिक्कतों से जूझता है, लेकिन पिता ने खेल या फिर मेरी डाइट में कभी कमी नहीं होने दी। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय पिता और गुरु बीएन मिश्रा को दिया है।
.............
खेल प्रेमियों में खुशी की लहर
आकांक्षा के इंडिया कैंप में चयन पर खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। आकांक्षा को बधाई देने वालों में उत्तर वॉलीबॉल संघ के सचिव सुनील तिवारी, जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव बैजनाथ मिश्र, शम्भूनाथ तिवारी, अजय राय, रविन्द्र नाथ दुबे, आरडी पांडेय, आले हैदर, चंद्रविजय सिंह, संदीप पुंडीर, शिवशंकर यादव आदि शामिल रहे।