बाजार में बिक रहा चीन का लहसुन।
महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय (भटहट) पिपरी के प्रभारी डॉ. अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि चीन का लहसुन खाने से एलर्जी हो सकती है। उनके त्वचा पर दाने, खुजली आदि होने लगते हैं। चीन के लहसुन का सेवन करने से पाचन की समस्याएं भी हो सकती हैं।
इसमें जिंक और आर्सेनिक सहित कुछ यौगिक होते हैं, जो रक्तचाप को बढ़ा सकते हैं। इसको चमकाने में केमिकल का इस्तेमाल किया जाता है। यह बाजारों में कम दामों में उपलब्ध है। कई दिनों तक लगातार इस लहसुन का सेवन करने से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी भी हो सकती है।
ऐसे पहचाने चीन का लहसुन
चीन के लहसुन का आकार बड़ा होता है और इसका रंग चमकीला सफेद या गुलाबी होता है। इसमें देसी लहसुन जैसा गंध नहीं होता है। इसमें जड़ के स्थान पर कट लगा रहता है। देसी लहसुन की कलियों को रगड़ने पर हाथ पर हल्की चिपचिपाहट सी होती है, जबकि चीन वाले लहसुन में ऐसा नहीं होता।
अदरक नहीं पी रहे एसिड वाली चाय, गोभी व बैंगन भी केमिकल वाला
गोरखपुर। अगर चमकदार अदरक वाली चाय पी रहे हैं, तो सतर्क रहें। यह फायदा की जगह नुकसान पहुंचा देगा। धंधेबाज चमकदार बनाने के लिए अदरक को एसिड से धुल रहे हैं। एसिड का प्रभाव अदरक में होने से यह सेहत के लिए खतरनाक हो जाता है। सबसे ज्यादा इसका असर लिवर पर पड़ता है।
पूर्वांचल में वैसे भी अदरक की खपत ज्यादा है, लेकिन सर्दियों में यह और बढ़ जाता है। धंधेबाज ज्यादा मुनाफा के लिए कम दाम में गुजरात और महाराष्ट्र से अदरक लाते हैं और एसिड से धुलकर चमकदार बना देते हैं। इसी तरह गोभी और बैंगन को भी चमकदार बनाने के लिए केमिकल में डुबो देते हैं। कुछ ही देर बाद चमक बढ़ जाती है। लेकिन, इसे खाने से पेट की बीमारियां होने लगती हैं।
सेब में चमक के लिए लगाते हैं मोम की परत
सेब को चमकदार बनाने के लिए धंधेबाज मोम की परत लगा देते हैं। इससे सेब से नमी बाहर नहीं निकल पाती है और वह लंबे समय तक ताजा दिखता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि मोम की परत में मॉर्फलिन नामक रसायन का इस्तेमाल होता है, जो लीवर या किडनी को खराब कर सकता है। उनकी सलाह है कि सेब को खाने से पहले एक लीटर पानी में दो चम्मच सिरका डालकर घोल तैयार कर लें। घोल में सेब को कुछ देर रखने के बाद पोंछ लें। इसके अलावा नींबू के रस से रगड़ने पर भी मोम की परत हट जाती है।
एक्सपर्ट की राय
सब्जियों में पोषक तत्व के साथ ही एंटी आक्सीडेंट गुण भी होते हैं, जो शरीर के अंदर के अपशिष्ट को बाहर निकालते हैं। हालांकि इनके केमिकलयुक्त फल व सब्जी के कारण मूल गुण खत्म हो रहे हैं। एसिड से धुली हुई अदरक में एसिड के अवगुण आ जाते हैं, जो लिवर को डैमेज करते हैं। हरी मटर को भी ताजा रखने के लिए केमिकल वाले रंग से रंगा जा रहा है, जिस वजह से लिवर और किडनी प्रभावित होती है: डॉ. राजेश कुमार फिजिशियन
पकाने और चमकाने में केमिकल खत्म कर रहे गुण
महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय (भटहट) पिपरी के प्रभारी डॉ. अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि एक तरफ फल खाने से जहां प्रचुर मात्रा में विटामिन, खनिज, लवण, कैल्शियम आदि मिलता है, वहीं बाजारों में फलों को चमकाने के लिए जो केमिकल का इस्तेमाल हो रहा है उससे लिवर और किडनी पर ज्यादा असर पड़ रहा है। इसका नुकसान कुछ दिनों बाद देखने को मिलता है। कैंसर होने का भी खतरा बना रहता है।