गोरखपुर में स्कूल-कॉलेज सोमवार से खुल गए हैं। स्कूल वाहनों के चलते, शहर में जाम लगने की संभावनाओं को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। रोडवेज की बसों को डिपो के अंदर ही खड़ा करने का निर्देश दिया गया है।
एसपी यातायात महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि सोमवार को सप्ताह का पहला कारोबारी दिन होने के साथ-साथ स्कूल-कॉलेज भी खुल रहे हैं। दोपहर में जब स्कूलों में छुट्टी होगी तो वाहनों की भीड़ के चलते चौराहों पर जाम की संभावना बढ़ जाएगी। इसे देखते हुए रूट डायवर्जन लागू किया जा रहा है।
इन रास्तों से ले जा सकेंगे वाहन
- आयकर भवन तिराहा से एमपी बालिका इंटर कॉलेज होते हुए सिटी माल तक आने वाले वाहन स्कूूल छूटने के समय प्रतिबंधित रहेंगे। इस दौरान वाहन हरिओम नगर तिराहा से विश्वविद्यालय मेन गेट होते हुए जा सकेंगे।
- हरिओम नगर तिराहा से आंबेडकर चौराहा की तरफ स्कूली बसें प्रतिबंधित रहेंगी। ये बसें हरिओम नगर तिराहा होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगी।
- ऑटो रिक्शा/मालवाहक वाहन काली मंदिर से गोलघर की तरफ नहीं जाएंगे। ये वाहन पुलिस लाइन तिराहा से दाएं होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
- देवरिया से आने वाली बसें देवरिया बाइपास, अमर उजाला तिराहा, पैडलेगंज चौराहा, छात्रसंघ चौराहा होते हुए रोडवेज डिपो के अंदर खड़ी होगी।
- कुशीनगर से आने वाली बसें कोनी मोड़ से कूड़ाघाट, मोहद्दीपुर, विश्वविद्यालय चौराहा होते हुए रोडवेज डिपो के अंदर जाएंगी।
- टीपी नगर चैराहा से बेतियाहाता चौराहा की तरफ मालवाहक वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। ये वाहन फलमंडी, रुस्तमपुर, पैडलेगंज होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
फलमंडी में नो इंट्री
- दोपहर 12 से दो बजे के बीच फलमंडी से न तो कोई भारी वाहन बाहर निकलेगा और न ही कोई वाहन वहां जा सकेगा। आवागमन सामान्य रहने पर नो इंट्री के बाद ही ये वाहन आ-जा सकेंगे।