बिहार से आने वाली गाड़ियों में बढ़ी भीड़
छठ पूजा के बाद काम पर वापस लौटने वालों के चलते अब ट्रेनों में भीड़ बढ़ने लगी है। मंगलवार को रेलवे के स्टेशन डायरेक्टर, स्टेशन मैनेजर, आरपीएफ इंस्पेक्टर समेत कई जिम्मेदार स्टेशन पर बिहार से आने वाली ट्रेनों के इंतजार में थे। इस दौरान वैशाली, बिहार संपर्क क्रांति, सप्तक्रांति, वैशाली क्लोन आदि ट्रेनों में सामान्य से अधिक भीड़ दिखी।
एसी कोच में स्थिति सामान्य थी, लेकिन जनरल कोच में घुसने के लिए यात्री धक्का-मुक्की कर रहे थे। छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए चलाई जा रही विशेष गाड़ियों के चार से छह घंटे की देरी से चलने की वजह से यात्रियों को दिक्कत हो रही है। मंगलवार को कई पूजा स्पेशल ट्रेनें देर से गुजरीं। स्टेशन प्रबंधन का कहना है कि बिहार से आने वाली ट्रेने लेट हो रही हैं। गोरखपुर से चलने वाली ट्रेनों को निर्धारित समय से रवाना किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें: पेप्सिको समेत 18 बड़ी कंपनियों के साथ निवेश पर खुद सीएम योगी करेंगे मंथन
जनरल कोच के सामने आरपीएफ ने तानी रस्सी
सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त उपाय किए गए हैं। आरपीएफ के जवान यात्रियों की मदद के लिए प्रयास कर रहे हैं। तमाम छठ पूजा स्पेशल गाड़ियों में सीटें रिक्त हैं। लोग कुछ चुनिंदा ट्रेनों में भी जगह खोज रहे हैं, जिससे भीड़ दिख रही है। सीपीआरओ ने बताया कि मंगलवर को गोरखपुर स्टेशन पर आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक दशरथ प्रसाद ने अपनी टीम व डॉग स्क्वाड के साथ प्लेटफार्म पर चेकिंग की।
इसे भी पढ़ें: 100 करोड़ के निवेश से कपिला भी गीडा को देगी रफ्तार, एक हजार को रोजगार
इसके अलावा प्रमुख ट्रेनों 15274, 12554, 13020, 15280, 19037, 14010, 01028, 22166, 15273, 12555, 12553, 22537, 12565, 04005, 04021, 02569, 05041, 04535, 04527, 09190 और 12557 के यात्रियों को भी सकुशल ट्रेन मे बैठाया गया। भीड़ नियंत्रित करने के लिए रस्सी लगाकर लाइन लगवाई गई। इसके अलावा यात्रियों को ट्रेन की पायदान पर यात्रा नहीं करने तथा रास्ते में जहर खुरानों से बचने, ज्वलनशील व विस्फोटक सामग्री लेकर नहीं चलने के बारे में बताया गया।