केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए नौवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों की छमाही परीक्षाओं को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में कराने का फैसला किया है। विद्यार्थी अगर स्कूल आकर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ परीक्षा देना चाहते हैं तो दे सकते हैं या घर बैठे ऑनलाइन मोड में परीक्षा दे सकेंगे। वहीं, कक्षा एक से आठवीं के विद्यार्थियों की परीक्षा ऑनलाइन ही होगी। इस संबंध में बोर्ड का आदेश शहर में संचालित 117 स्कूलों में पहुंच गया है।
आदेश के मुताबिक परीक्षा शुरू होने से पूर्व विद्यार्थी को अपने स्कूल प्रबंधन को बताना होगा कि वह परीक्षा किस मोड में देना चाहता है। वहीं, इसका कारण भी बताना होगा। संतोषजनक जवाब देने पर बच्चे को ऑनलाइन परीक्षा में शामिल होने का मौका मिलेगा। कोरोना संक्रमण की वजह से आठ महीने की बंदी के बाद से अक्तूबर में नौवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए स्कूल खुले हैं।
50 फीसदी बच्चों की उपस्थिति के साथ स्कूल में पढ़ाई की जा रही है। वहीं, 50 फीसदी बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे हैं। कक्षा एक से आठवीं के बच्चों की पूरी शिक्षा ऑनलाइन क्लास पर टिकी है। स्कूल प्रबंधन किसी तरह बच्चों का साल बर्बाद होने से बचाने में जुटे हैं। अमूमन प्रत्येक वर्ष छमाही परीक्षाओं का आयोजन अक्तूबर तक संपन्न हो जाता है, मगर कोरोना संकट की वजह से सत्र 2020-21 में नवंबर तक परीक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है।