गोरखपुर जिले के हरिओम नगर के डॉ. एलबी गुप्ता ने आर्यन हॉस्पिटल के संचालक डॉ. डीपी सिंह के खिलाफ 6.58 लाख रुपये हड़पने का केस दर्ज कराया है। कैंट पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज करके जांच शुरु कर दी।
हरिओम नगर में रहने वाले डॉ. एलबी गुप्ता की छात्रसंघ चौराहा क्लीनिक है। डॉक्टर गुप्ता ने कैंट पुलिस को जो तहरीर दी है, उसके मुताबिक, आर्यन हॉस्पिटल में दवा की आपूर्ति करते हैं। दवा की थोक दुकान है। हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों को भी देखते थे, लेकिन संचालक की तरफ से भुगतान नहीं किया गया।
लंबे समय से 4.64 लाख रुपये नहीं दिए गए। इसका ब्याज जोड़ दें तो 6.58 लाख रुपये हो जाते हैं। जब भी रुपये मांगते हैं तो संचालक डॉ डीपी सिंह आनाकानी करते हैं। लिहाजा, मामले में केस दर्ज कराके रुपये दिलवाए जाएं। प्रभारी निरीक्षक थाना कैंट शशिभूषण राय का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। तहरीर के आधार पर केस दर्ज करके मामले की जांच की जा रही है।
संचालक आर्यन हॉस्पिटल डॉ डीपी सिंह ने कहा कि डॉ एलबी गुप्ता के आरोप गलत हैं। उनपर आर्यन हॉस्पिटल की करीब 20 लाख रुपये की देनदारी है। बकाया धनराशि न देना पड़े, इसलिए कैंट थाने में केस दर्ज कराया है। साक्ष्यों के साथ पुलिस को जानकारी दी जाएगी।