गोरखपुर जिले के बेलघाट इलाके के शाहपुर में स्थित ईंट भट्ठे के पास माइक्रो फाइनेंस कंपनी के एजेंट से 1.86 लाख रुपये लूट के मामले में पुलिस ने दो अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया। एसएसपी ने घटना के पर्दाफाश के लिए चार टीमें गठित कर दी हैं। वहीं, एसओजी ने भी डेरा डाला है।
घटनास्थल के आसपास के रास्तों से निकलना बाहरी बदमाशों के लिए आसान नहीं है, इस वजह से पुलिस की नजर आसपास के बदमाशों पर है। फिलहाल, पुलिस के हाथ अभी कोई ऐसा सुराग नहीं लगा है, जिससे वह घटना का पर्दाफाश कर सके।
जानकारी के मुताबिक, गगहा थाना क्षेत्र के हाटा निवासी अशफाक माइक्रो फाइनेंस कंपनी में एजेंट हैं। मंगलवार को बेलघाट के कई गांवों में वसूली करने गए थे। जीतवारपुर गांव से वसूली कर वह निकले थे कि शाहपुर गांव में स्थित ईंट भट्ठे के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया।
एक बदमाश ने असलहा सटाया और उनके पास रखा बैग छीन लिया। बैग में 1.86 लाख रुपये थे। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। एजेंट ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस आसपास के रास्तों के दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाली लेकिन कोई ठोस कामयाबी नहीं मिली।
रात में एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह तथा बाद में एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने पीड़ित से बात की। बेलघाट पुलिस ने दो अज्ञात बाइक सवार लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।