एम्स में वार्ड ब्वाय की नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाजी के मामले में नर्स समेत तीन लोगों पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। आरोप है कि नौकरी के नाम पर 96 हजार रुपये लिए गए थे, लेकिन न तो नौकरी दिलाई और न ही रुपये वापस किए जा रहे हैं।
गुलरिहा पुलिस मामले की जांच कर रही है। गुलरिहा थाना क्षेत्र के बिस्टौली निवासी सुनेसर ने सीएम से जनता दरबार में शिकायत की थी कि चिलुआताल क्षेत्र में रहने वाली उसकी बहन हेवंती देवी मेडिकल कॉलेज में सफाईकर्मी है।
बेटे सन्नी को एम्स में वार्ड ब्वाय की नौकरी दिलाने की बात कह उनकी मुलाकात मेडिकल कॉलेज में नर्स के पद पर तैनात मीना देवी से कराई। जुलाई 2022 में नौकरी के लिए उन्होंने मीना देवी के पति को 1.45 लाख रुपये दे दिए। नौकरी न मिलने पर उन्होंने मीना देवी व अपनी बहन से रुपये वापस मांगे तो उन्होंने केवल 49 हजार ही लौटाए।
शेष रुपये मीना देवी और शाहपुर के दरगहिया निवासी सुधीर पांडेय हड़प लिए हैं। एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच व साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।