गोरखपुर जिले के गगहा इलाके के कौड़ीराम में स्कूल बस में सोमवार को तोड़फोड़ व चालक-खलासी से मारपीट मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। पुलिस ने स्कूल प्रबंधक रजनीश मिश्रा की तहरीर पर पांच नामजद छात्र व छह अज्ञात पर मारपीट, तोड़फोड़ की धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, मिश्रौली कौड़ीराम में स्थित एक स्कूल में सोमवार को दो छात्रों के बीच मारपीट हुई थी। शिक्षकों के समझने के बाद मामला शांत हो गया था। शाम को छुट्टी के बाद मारपीट करने वाले एक छात्र ने अपने कई साथियों के साथ मिलकर कौड़ीराम में गजपुर मोड़ के पास छात्रों से भरी बस रुकवा दी।
बस में घुसकर कई छात्रों की पिटाई करने के साथ ही बस में भी तोड़फोड़ की थी। घटना के बाद घटना स्थल व छात्रों में भय का माहौल बन गया था। प्रबंधक रजनीश मिश्र की तहरीर पर गगहा पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही।