जंगल कौड़िया (गोरखपुर)। जंगल कौड़िया ब्लॉक क्षेत्र के सिंहोरवा स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में दो ग्राहकों के खातों से बिना अनुमति रकम निकालने का मामला सामने आया है। ग्राहकों ने आरोप लगाया कि एक अप्रैल को उनके खातों से फर्जी तरीके से रकम निकाल लिए गए। शिकायत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
उसका गांव निवासी राघवेंद्र सिंह ने शिकायत पत्र में बताया कि उनके खाते से 9,900 रुपये की निकासी कर ली गई। इसी तरह मीरपुर निवासी कन्हैया सिंह ने बताया कि उनके खाते से 5,000 रुपये निकाल लिए गए। दोनों ने शाखा प्रबंधक को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर स्पष्ट किया कि उन्होंने खुद यह लेनदेन नहीं किया और न ही किसी को अपने आधार या फिंगरप्रिंट से रकम निकालने की अनुमति दी थी। वीडियो वायरल होने के बाद शुक्रवार को बैंक बंद रहने के बावजूद कई ग्राहक मोबाइल एप के जरिये अपने बैलेंस की जांच करते रहे।
भारतीय स्टेट बैंक सिंहोरवा शाखा के प्रबंधक अतुल ने बताया कि दोनों पीड़ितों के प्रार्थना पत्र लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। रकम कैसे और किसने निकाले, इसकी जांच की जा रही है। मामले से उच्च अधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। सोमवार तक इसे निस्तारित कर दिया जाएगा।