गोरखपुर। रायबरेली में सदर सांसद रवि किशन के नाम पर फर्जी पीएसओ बनकर प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव बनाने वाले युवक की गिरफ्तारी के बाद सांसद ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनके नाम का दुरुपयोग कर किसी भी प्रकार का अनैतिक कार्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सांसद ने कहा कि योगी आदित्यनाथ की सरकार में कानून का राज है और कोई भी व्यक्ति अनैतिक कार्य करेगा, वह बचेगा नहीं। आम जनता और प्रशासनिक अधिकारियों से अपील करते हुए कहा कि ऐसे फर्जी लोगों से सतर्क रहें, जो फर्जी तरीके से खुद को सांसद का पीआरओ, पीएस, प्रतिनिधि या सांसद सहयोगी बताकर फोन करते हैं, दबाव बनाते हैं या किसी काम के बदले किसी व्यक्ति से पैसे की मांग करते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नाम का दुरुपयोग करते हुए संपर्क करता है, तो उसकी पुष्टि अनिवार्य रूप से उनके अधिकृत सांसद कार्यालय से करें। उनका प्रतिनिधि केवल कार्यालय है, इसके अतिरिक्त कोई नहीं।