गोरखपुर में वसूली करके लौट रहे व्यापारियों की पिटाई कर 4.80 लाख रुपये लूटे जाने का मामला पुलिस की जांच में झूठा निकला। पुलिस के मुताबिक, मामला पुरानी रंजिश में दो पक्षों के बीच मारपीट का था। रविवार को कैंपियरगंज पुलिस ने इस मामले में दो नामजद समेत पांच लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले, बलवा व मारपीट का केस दर्ज किया है।
सौनौरा बुजुर्ग गांव के रहने वाले प्रवीन कुमार सिंह व बीर बहादुर सिंह मुर्गा, चूजा और दाना का व्यापार करते हैं। शनिवार की शाम पांच बजे कैंपियरगंज पुलिस को इन व्यापारियों ने बताया कि फरेंदा से वसूली करके लौट रहे थे। करमैनीघाट मछली मंडी से पहले पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने पिटाई करने के बाद डिकी तोड़कर उसमें रखे 4.80 लाख रुपये निकाल लिए। थाने पहुंचे प्रवीन ने दो नामजद समेत पांच के खिलाफ तहरीर दी थी।
एसपी नार्थ मनोज अवस्थी ने बताया कि पुरानी रंजिश में मारपीट होने पर व्यापारियों ने लूट की झूठी सूचना दी थी। प्रवीन ने भैंसला गांव निवासी शिवम पांडेय व उसके भाई हरिकेश व तीन अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले, बलवा, मारपीट व धमकी देने का केस दर्ज कराया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।