नुसरत उल्लाह वारसी की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
राजघाट इलाके के बनकटी चक स्थित आवास में गोली मारकर पुराने रईस नुसरत उल्लाह वारसी की हत्या के नामजद आरोपित अनिल सोनकर को गिरफ्तार करने के लिए लगी पुलिस की दो टीम ने अपनी कोशिशें तेज कर दी हैं। पुलिस का मानना है कि इस आरोपित के पकड़े जाने के बाद ही कत्ल की असली वजह का पता चल सकेगा, जिससे पर्दाफाश में मदद मिलेगी।
जानकारी के मुताबिक, गोली मारने के तरीके से पुलिस का मानना है कि वारदात को अंजाम किसी शूटर ने दिया है। पुलिस, क्राइम ब्रांच की टीम को जब कुछ खास हासिल नहीं हो पाया तो अब नामजद आरोपित की तलाश में दबिश तेज कर दी गई।
पुलिस का मानना है कि आरोपित अनिल सोनकर के पकड़े जाने के बाद अहम जानकारियां मिल सकती हैं। अनिल सोनकर से नुसरत का पुराना विवाद था। कैंट थाने में दर्ज एफआईआर के मुताबिक, अनिल सोनकर ने नुसरत के दो करोड़ रुपये हड़प लिए थे।
घटना वाले दिन घरवालों ने जिन दो नामों पर शंका जताई थी, उसमें से एक तो घर पर ही मिल गया था, लेकिन अनिल सोनकर का उसी दिन से पता नहीं चला है। इस वजह से पुलिस को अब उस पर शक होने लगा है। एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि नामजद आरोपित की तलाश में पुलिस की दो टीम लगी हैं। घटना का जल्द पर्दाफाश करने की कोशिश जारी है।
यह हुआ था
22 फरवरी की रात नुसरत उल्लाह वारसी की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। नुसरत पड़ोसी के घर से कैरम खेल कर लौट रहे थे। रात ग्यारह बजे के करीब एक शख्स उनके कंधे पर हाथ रखकर अंदर गया था और फिर आंगन में नुसरत उल्लाह का शव मिला था।