करंट की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत से लोग स्तब्ध है। लोहरपुरवा के हनुमान नगर और भगवानपुर टोले में मातम पसरा है। हादसे ने जहां एक परिवार के जवान बेटे को छीन लिया तो वहीं दूसरे परिवार में बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। अब दोनों परिवारों के सामने रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है।
हनुमान नगर के कमलेश (28) मजदूरी कर परिवार का खर्च चलाते थे। हादसे में जहां मासूम बच्चे अनाथ हो गए वहीं बुजुर्ग पिता का भी सहारा छिन गया। पत्नी नीरजा बेसुध हैं। कमलेश के पुत्र आशुतोष (5) व आशू (3) के चेहरे की उदासी देखकर सांत्वना देने आए रिश्तेदार व पड़ोसी भी अपने आंसू नहीं रोक पा रहे थे। वहीं जोखन के परिवार में भी मातम छाया है। उनके तीन पुत्र धर्मेंद्र, मोहन व वंशीधर के अलावा पत्नी गुलजारी हैं। हादसे ने बच्चों के सिर से पिता का साया छिन लिया।
टेलीफोन आने पर घर से गए थे, आई मौत की सूचना
जोखन के बेटे वंशीधर ने बताया कि मंगलवार को उसके पिता काम पर नहीं जाना चाहते थे, लेकिन किसी का टेलीफोन आया और तुरंत घर से चल दिए। एक घंटे के बाद हादसे में उनकी मौत की सूचना आई।