गुलरिहा। इलाके में सहज जनसेवा केंद्र संचालक ने एक व्यक्ति के खाते से एक सप्ताह में एक लाख 40 हजार रुपये निकाल लिए। गुलरिहा पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर संचालक के खिलाफ धोखे से एटीएम कार्ड बदलकर रुपये हड़पने का केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, पिपराइच इलाके के जंगल औराही टोला हाता निवासी महेंद्र प्रजापति का गुलरिहा बाजार स्थित एसबीआई में खाता है। जरूरत पड़ने पर गुलरिहा क्षेत्र के बेलवा रायपुर स्थित जनसेवा केंद्र से रुपये निकालने गए थे।
आरोप है कि 20 मई को दुकानदार महेंद्र का एटीएम बदलकर दूसरा एटीएम देकर खाते से 26 मई से एक जून के भीतर एक सप्ताह में 10-10 हजार कर एक लाख 40 हजार रुपये निकाल लिए गए। रुपये निकालने के बाद फोन कर कहा कि आपका एटीएम कार्ड दुकान पर गिरा था, आकर ले जाइए।
पीड़ित ने इसकी शिकायत गुलरिया पुलिस से जून में की थी, कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने संचालक के खिलाफ धोखे से रुपये हड़पने का केस दर्ज किया है। ब्यूरो