मिली थी धमकी, माफिया के गुर्गों से नहीं डरी मृतक की पत्नी, बेबाकी से बोली...
दोनों के पांच-पांच मामलों में कोर्ट में तेज की गई पैरवी, टॉप टेन बदमाशों की पुलिस ने तैयार की है सूची
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। जिले के टॉप 10 बदमाशों में शामिल माफिया सुधीर सिंह और राकेश यादव के खिलाफ गवाहों ने कोर्ट में बयान दर्ज करा दिया। धमकी के बाद भी कन्हैया की हत्या के केस में पत्नी माफिया सुधीर के करतूत को कोर्ट में बता दी है। पुलिस अब मुकदमे में जल्द ही सजा की उम्मीद जता रही है। वहीं, माफिया राकेश यादव के दो मामलों में पुलिस ने गवाही करा दी है।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने सभी गवाहों से संपर्क कर जरूरत होने पर उन्हें सुरक्षा देने का भी आदेश जारी कर दिया है। एसएसपी ने पुलिस से गश्त के दौरान गवाहों से संपर्क कर हाल जानने को कहा है, ताकि किसी को भी माफिया के गुर्गे डरा धमका न सके।
जानकारी के मुताबिक, प्रदेश स्तर से हुई समीक्षा में माफिया को सजा दिलाने पर जोर दिया गया है। पुलिस इसके बाद से अब एक-एक माफिया के केस के गवाहों को लेकर सतर्क हो गई है। पुलिस के मुताबिक, शाहपुर इलाके में 2010 में कन्हैया की हत्या की गई थी, जिसमें माफिया सुधीर सिंह, ओमप्रकाश यादव, केएन सिंह व रामाशंकर पासवान (वर्तमान में मृतक) आरोपी हैं।
आरोप है कि केस की पैरवी करने के बाद बीते 28 अक्तूबर को कन्हैया की पत्नी और बेटी घर लौटे रही थी। शाम साढ़े चार बजे के करीब एक कार से चार आरोपी आए और माफिया का नाम लेते हुए केस में सुलह करने का दबाव बनाने लगे।
आरोपियों ने कहा कि अगर सुलह नहीं की तो पिता की तरह ही हत्या कर दी जाएगी। पुलिस अज्ञात कार सवारों पर धमकी देने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके बाद से पुलिस लगातार गवाह के संपर्क में थी और अब उसका बयान दर्ज होने के साथ ही जिरह की प्रक्रिया पूरी हो गई है। खबर है कि अब इस केस में सजा जल्द संभव है।
........
पुलिस ने बुलाया तो तीन ने फिर वापस ले ली जमानत
पुलिस ने माफिया सुधीर, राकेश और अजीत शाही के पूर्व में रहे जमानतदारों को बुलाया और बताया कि माफिया का गलत तरीके से सहयोग किए तो धारा 216 के तहत कार्रवाई की जाएगी, इसके बाद अजीत शाही और राकेश के तीन जमानतदारों ने जमानत वापस ले लिया है। खबर है कि इस वजह से ही बेल को पड़ी अर्जी निरस्त हो गई और माफिया को जमानत नहीं मिल पाई है।
.......
47 गवाहों की हो गई गवाही, लेकिन कई अब भी बाकी
कोर्ट में माफिया सुधीर सिंह, राकेश यादव, विनोद उपाध्याय, राजन तिवारी के 47 गवाहों की गवाही हो गई है, लेकिन अब भी कई गवाहों के गवाही की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हो सकी है। पुलिस की ओर से पहले चरण में सभी माफिया के पांच-पांच मामलों को चिह्नित किया गया है, जिसमें से दो-दो को टारगेट कर सजा की प्रक्रिया में लाया गया है, ताकि सजा हो सके।
.....
कोट
ऑपरेशन कन्वेंशन के तहत पुलिस कोर्ट में माफिया के केसों की पैरवी करा रही है। कई मामलों में गवाही करा दी गई है, जिसमें जल्द ही सजा हो जाएगी। पुलिस ने साक्ष्यों के साथ कोर्ट में आरोप पत्र भी दाखिल किया है। माफिया पर कार्रवाई जारी है। सभी माफिया जेल में हैं, जल्द ही पुलिस पैरवी कर सजा भी करा लेगी।
- डॉ. गौरव ग्रोवर, एसएसपी