गुलरिहा (गोरखपुर)। गुलरिहा थाना क्षेत्र के बनगाई टोला बंजरहा में मंगलवार देर रात कारपेंटर कमलेश विश्वकर्मा (35) का शव घर के कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। बुधवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। जबकि फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
कमलेश विश्वकर्मा पेशे से कारपेंटर थे और तीन भाइयों में मझला था। परिजन के मुताबिक, घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में मौजूद थे। उसकी पत्नी बच्चों के साथ दूसरे कमरे में सो रही थी। बुधवार सुबह परिजन ने कमरे में जाकर देखा तो कमलेश का शव पंखे से लटका मिला। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई और पुलिस को सूचना दी गई। सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।