गोरखपुर। खजनी के चर्चित वैभव हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी कंप्यूटर शिक्षक सर्वेश उर्फ बिट्टू शर्मा के भाई सतीश भट्ट की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। भागे आरोपी के खिलाफ कोर्ट ने गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) भी जारी कर दिया है।
इधर, पुलिस ने मामले की विवेचना पूरी कर ली है। बृहस्पतिवार को कोर्ट में आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जाएगी। पुलिस ने चार्जशीट में सर्वेश उर्फ बिट्टू शर्मा को मुख्य आरोपी बनाया है, जबकि उसके पिता हरिनारायण शर्मा, भाई सत्येंद्र कुमार भट्ट उर्फ जिले, पत्नी अनामिका शर्मा और बबली शर्मा को भी साजिश में शामिल होने का आरोपी बनाया गया है।
27 जुलाई को चौथी कक्षा में पढ़ने वाला वैभव स्कूल से घर लौटने के बाद साइकिल लेकर खेलने निकला था। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन ने तलाश शुरू की। इस दौरान उसकी साइकिल और चप्पल मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर पांच टीमें गठित कर जांच शुरू की। जांच में सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और तकनीकी विशेषज्ञों की मदद ली गई।ा